Major Revelation in Ghaziabad : देश विरोधी गतिविधियों में शामिल 9 आरोपी गिरफ्तार

0
285
9 Accused Involved in Anti-National Activities Arrested
  •  विदेश भेजते थे संवेदनशील डेटा

Major Revelation in Ghaziabad (आज समाज नेटवर्क)गाजियाबाद। पुलिस कमिश्नरेट ने देश विरोधी गतिविधियों में लिप्त एक संगठित गिरोह का पर्दाफाश करते हुए कुल 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से 9 मोबाइल फोन, 10 सिम कार्ड और 2 सीसीटीवी कैमरे बरामद किए हैं। इस गिरोह पर आरोप है कि यह देश के महत्वपूर्ण प्रतिष्ठानों और सुरक्षा बलों से जुड़ी गोपनीय जानकारी विदेशों में भेज रहा था।

पुलिस के अनुसार 14 मार्च 2026 को थाना कौशांबी में सूचना मिली थी कि भोवापुर क्षेत्र के कुछ युवक संदिग्ध गतिविधियों में शामिल हैं। ये युवक रेलवे स्टेशन और सुरक्षा प्रतिष्ठानों की वीडियो बनाकर विदेश में भेजते थे और पैसों का लालच देकर अन्य युवाओं को भी इस नेटवर्क से जोड़ते थे।सूचना के आधार पर मामला दर्ज कर पुलिस ने कार्रवाई शुरू की और पहले चरण में 5 पुरुष और 1 महिला को गिरफ्तार किया गया। इनके मोबाइल फोन से महत्वपूर्ण लोकेशन, फोटो और वीडियो बरामद हुए। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसआईटी का गठन किया गया।

पुलिस ने 20 मार्च को 5 बाल अपचारियों समेत कुल 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया

जांच के दौरान सामने आया कि इस गिरोह का संचालन सीमापार से हो रहा था। मुख्य हैंडलर के रूप में सुहेल मलिक, नौशाद अली और समीर उर्फ शूटर के नाम सामने आए हैं। पुलिस ने 20 मार्च को 5 बाल अपचारियों समेत कुल 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया।पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपी देश के विभिन्न हिस्सों में सुरक्षा बलों के ठिकानों, रेलवे स्टेशनों और अन्य महत्वपूर्ण स्थानों की रेकी कर उनकी फोटो, वीडियो और जीपीएस लोकेशन विदेशी नंबरों पर भेजते थे। इसके लिए उनके मोबाइल में विशेष ऐप इंस्टॉल कराया गया था, जिसकी ट्रेनिंग भी विदेश से ऑनलाइन दी जाती थी।

गिरोह ने दिल्ली कैंट और सोनीपत रेलवे स्टेशन पर सौर ऊर्जा से चलने वाले सिम आधारित सीसीटीवी कैमरे भी लगाए थे, जिनकी लाइव फीड विदेश भेजी जा रही थी। पुलिस ने ये कैमरे बरामद कर लिए हैं। इसके अलावा 50 अन्य स्थानों पर ऐसे कैमरे लगाने की योजना थी।जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी भारतीय सिम कार्ड के ओटीपी विदेश भेजते थे, ताकि व्हाट्सएप और अन्य सोशल मीडिया अकाउंट संचालित किए जा सकें।

इसके लिए उन्हें 500 से 5000 रुपये तक मिलते थे, जबकि अलग-अलग टास्क के लिए 500 से 15,000 रुपये तक भुगतान किया जाता था। भुगतान यूपीआई के जरिए दुकानों या जन सेवा केंद्रों पर कराया जाता था, जहां से आरोपी नकद राशि लेते थे।पुलिस के मुताबिक गिरोह में मुख्य रूप से तकनीकी जानकारी रखने वाले कम उम्र के युवाओं को शामिल किया जाता था, जिन्हें पैसों का लालच दिया जाता था।फिलहाल पुलिस फरार आरोपियों नौशाद अली और समीर उर्फ शूटर की तलाश में जुटी है और मामले की जांच जारी है।

  • TAGS
  • [post_tags]