Punjab News: दुष्कर्म मामले में SGPC सदस्य अमरजीत सिंह चावला पर शिकंजा, SIT करेगी जांच

0
68

Punjab News: शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (एसजीपीसी) के पूर्व सदस्य अमरजीत सिंह चावला की मुश्किलें बढ़ने वाली हैं। पंजाब सरकार ने उनके खिलाफ दुष्कर्म के मामले की जांच के लिए तीन सदस्यीय विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया है। आम आदमी पार्टी (आप) के नेता बलतेज पन्नू ने आज यह जानकारी दी।

वरिष्ठ पुलिस अधिकारी करेंगे नेतृत्व

पन्नू ने बताया कि मुख्यमंत्री भगवंत मान ने वरिष्ठ पुलिस अधिकारी गुरबंस सिंह बैंस के नेतृत्व में एसआईटी गठित की है। सिमरनजीत सिंह और करण सिंह संधू इसके सदस्य होंगे। पन्नू ने कहा कि जांच में उन सवालों के जवाब तलाशे जाएंगे जिनका अब तक जवाब नहीं मिला है।

एसआईटी करेगी हर बिंदुओं पर जांच

जांच में यह पता लगाया जाएगा कि महिला बहरीन से कैसे आई, उसके आनंदपुर साहिब स्थित एसजीपीसी की सराय में ठहरने की व्यवस्था किसने की, उसे क्या सुविधाएं दी गईं, उन्हें किसने मंजूरी दी और वह महीनों तक वहां कैसे रह सकी।

महिला ने दर्ज कराई थी एफआईआर

महिला की शिकायत पर चावला के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था। प्राथमिकी दर्ज होने के बाद उन्होंने एसजीपीसी सदस्य पद से इस्तीफा दे दिया। चावला ने आरोपों को ”झूठा और मनगढ़ंत” बताया है।

अकाल तख्त से निकाले गए

उन्हें पहले ही सिखों की सर्वोच्च धार्मिक संस्था अकाल तख्त से निष्कासित किया जा चुका है। एसआईटी का गठन मुख्यमंत्री द्वारा दो दिन पहले ‘धरम युद्ध मोर्चा’ के एक प्रतिनिधिमंडल को निष्पक्ष, पारदर्शी और गहन जांच का आश्वासन दिए जाने के बाद हुआ। मान ने कहा कि राज्य सरकार निष्पक्ष, पारदर्शी और समय-सीमा के भीतर जांच सुनिश्चित करेगी। कानून अपना काम करेगा और किसी भी व्यक्ति को न्याय प्रक्रिया में दखल नहीं देने दिया जाएगा।

  • TAGS
  • [post_tags]