Haryana News: HPSC का रिजल्ट जारी, अभिषेक सरोहा ने किया टॉप, कुलदीप दूसरे स्थान पर

0
55
हरियाणा लोक सेवा आयोग (HPSC) ने गुरुवार को एग्जीक्यूटिव ब्रांच और अन्य अलाइड सर्विसेज एग्जाम-2025 का परिणाम जारी कर दिया। इस परीक्षा में अभिषेक सरोहा ने टॉप किया है।

Haryana News: हरियाणा लोक सेवा आयोग (HPSC) ने गुरुवार को एग्जीक्यूटिव ब्रांच और अन्य अलाइड सर्विसेज एग्जाम-2025 का परिणाम जारी कर दिया। इस परीक्षा में अभिषेक सरोहा ने टॉप किया है, जबकि कुलदीप दूसरे स्थान पर और इशा काला तीसरे स्थान पर रहीं। कुल 675 अंकों की इस परीक्षा में सामान्य वर्ग के अभिषेक ने लिखित परीक्षा में 394.50 अंक और इंटरव्यू में 43 अंक हासिल किए हैं। वहीं, कुलदीप को 392 अंक और इशा को 388 अंक मिले हैं।

आयोग ने प्राप्तांक भी जारी किया

आयोग ने इंटरव्यू में शामिल अभ्यर्थियों के रोल नंबर और प्राप्तांक भी जारी किए हैं। आयोग के मुख्यालय में 3 से 8 अक्टूबर तक इंटरव्यू हुए थे। इंटरव्यू प्रक्रिया पूरी होने के बाद गुरुवार को परिणाम घोषित किया गया। HCS की प्रारंभिक परीक्षा 26 अप्रैल 2026 को हुई थी। इसका परिणाम 4 मई को जारी किया गया। इसके बाद कैटेगरी-वाइज रिजल्ट 20 मई और रिवाइज्ड रिजल्ट 1 जून को जारी हुआ। मुख्य परीक्षा 27 से 29 जून के बीच हुई थी, जिसका परिणाम 17 सितंबर को जारी किया गया।

बैकवर्ड क्लास-बी में राहुल सैनी टॉपर

कुरुक्षेत्र के छपरा गांव के राहुल सैनी ने बैकवर्ड क्लास-बी श्रेणी में टॉप किया है। उन्होंने 383.80 अंक हासिल कर प्रदेश में सातवां स्थान प्राप्त किया। उन्हें लिखित परीक्षा में 331 और इंटरव्यू में 52.80 अंक मिले। राहुल ने एग्रीकल्चर में स्नातक और रूरल मैनेजमेंट में मास्टर डिग्री की है। उन्होंने वर्ष 2021 में आरबीआई में नौकरी जॉइन की थी। नौकरी के साथ रोजाना करीब पांच घंटे यूपीएससी की तैयारी करते थे। पहले प्रयास में वह यूपीएससी के इंटरव्यू तक पहुंचे, लेकिन अंतिम सूची में जगह नहीं बना पाए। दूसरे प्रयास में उन्होंने सफलता हासिल की।

एकता को इंटरव्यू में मिले सर्वाधिक अंक

सामान्य वर्ग की एकता को इंटरव्यू में सबसे अधिक 55 अंक मिले। उन्हें कुल 352 अंक मिले। आयोग ने अभ्यर्थियों के विषयवार स्कोरकार्ड भी सार्वजनिक किए हैं। इसमें हिंदी और अंग्रेजी के 100-100 अंकों के पेपर के साथ जनरल स्टडीज के GS-I से GS-IV तक चारों पेपर के अंक शामिल हैं।

अलग-अलग कैटगरी के टॉपर

बैकवर्ड क्लास-ए में जेनव खात्मान 378.30 अंक के साथ टॉपर रहीं। ईडब्ल्यूएस श्रेणी में सिमरन ने 374.70 अंक हासिल किए। डिप्राइव्ड शेड्यूल्ड कास्ट श्रेणी में नेहा कमल 332.50 अंक के साथ और अदर शेड्यूल्ड कास्ट श्रेणी में समरजीत सिंह 351.50 अंक के साथ टॉपर रहे।

93 हजार उम्मीदवारों ने किया आवेदन

HCS के 102 पदों के लिए करीब 93 हजार अभ्यर्थियों ने आवेदन किया था। इनमें से करीब 52 हजार अभ्यर्थी प्रारंभिक परीक्षा में शामिल हुए। प्रारंभिक परीक्षा के परिणाम के आधार पर 1,200 से अधिक अभ्यर्थियों को मुख्य परीक्षा के लिए चुना गया। मुख्य परीक्षा के बाद 313 अभ्यर्थियों को इंटरव्यू और पर्सनैलिटी टेस्ट के लिए शॉर्टलिस्ट किया गया था। अंतिम परिणाम में लिखित परीक्षा के 600 और इंटरव्यू के 75 अंकों को मिलाकर कुल 675 अंकों के आधार पर मेरिट तैयार की गई।

20 अभ्यर्थियों का परिणाम रोका गया

आयोग ने प्रशासनिक और वैधानिक कारणों से 20 अभ्यर्थियों का परिणाम रोक दिया है। इनमें रोल नंबर 101971, 110199, 110587 और 120736 समेत अन्य अभ्यर्थी शामिल हैं।