Haryana News: चंडीगढ़ में प्रदूषण पर नियंत्रण के लिए प्रशासन बड़ी पहल करने जा रही है। प्रशासन शहर के प्रमुख और व्यस्त ट्रैफिक जंक्शनों पर मिस्ट फाउंटेन लगाने की संभावनाएं तलाश रही है। इसके जरिए शहर की हवा को स्वच्छ बनाने और नागरिकों को बेहतर वातावरण उपलब्ध करवाने की दिशा में प्रयास किए जा रहे हैं।
व्यस्त चौराहों पर लगेंगे सिस्टम
इस संबंध में नगर निगम के चीफ इंजीनियर संजय अरोड़ा के नेतृत्व में इंजीनियरिंग टीम ने गुरुवार को शहर के विभिन्न राउंडअबाउट का निरीक्षण किया। प्रस्तावित योजना के तहत मिस्ट फाउंटेन के माध्यम से हवा में मौजूद धूल और प्रदूषण के सूक्ष्म कणों को पानी की महीन बूंदों के जरिए नीचे बैठाने का प्रयास किया जाएगा। विशेष रूप से उन चौराहों को प्राथमिकता दी जाएगी, जहां वाहनों की आवाजाही अधिक रहती है और लगातार उड़ने वाली धूल के कारण वायु गुणवत्ता प्रभावित होती है।
सभी पहलुओं का आकलन
निरीक्षण के दौरान टीम ने विभिन्न स्थानों पर ट्रैफिक का दबाव, उपलब्ध जगह, सिस्टम लगाने की तकनीकी संभावनाओं और अन्य जरूरी पहलुओं का आकलन किया। इसका उद्देश्य ऐसे प्रदूषण हॉटस्पॉट की पहचान करना है, जहां मिस्ट फाउंटेन स्थापित करने से अधिक प्रभावी परिणाम मिल सकें।
एनसीएपी के तहत पहल
नगर निगम की यह पहल नेशनल क्लीन एयर प्रोग्राम (एनसीएपी) के प्रावधानों के तहत की जा रही है। निगम का मानना है कि आधुनिक तकनीक और लक्षित उपायों के माध्यम से धूल प्रदूषण को नियंत्रित करने में मदद मिल सकती है। हालांकि, फिलहाल यह योजना शुरुआती चरण में है और निरीक्षण के बाद उपयुक्त स्थानों का चयन किया जाएगा।


