कहा, 18 मार्च को राज्य स्तरीय समारोह के दौरान चयनित 100 महिला उद्यमियों को मिलेगा 25-25 हजार रुपए पुरस्कार
Punjab News Update (आज समाज), चंडीगढ़। पंजाब सरकार महिला दिवस के अवसर पर 18 मार्च को राज्य स्तरीय समारोह करते हुए प्रदेश की 100 महिला उद्यमियों को सम्मानित करेगी। यह जानकारी देते हुए ग्रामीण विकास एवं पंचायत मंत्री तरुनप्रीत सिंह सौंद ने बताया कि पंजाब की चयनित शीर्ष 100 महिला उद्यमियों को प्रत्येक को 25 हजार रुपए का इनाम प्रदान किया जाएगा।
यह पहल पंजाब राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन (पीएसआरएलएम) के तहत महिला उद्यमियों को व्यापक पहचान दिलाने की दिशा में सरकार का एक महत्वपूर्ण कदम है। सौंद ने कहा कि पंजाब राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन को व्यापक समर्थन मिल रहा है, क्योंकि 28 हजार से अधिक महिलाओं ने सम्मान समारोहों के लिए पंजीकरण कराया है।
जिला, ब्लॉक और ग्राम स्तर पर किया जाएगा प्रसारण
इस कार्यक्रम का जिला, ब्लाक और ग्राम पंचायत स्तर पर लाइव प्रसारण किया जाएगा, ताकि प्रत्येक गांव इस जश्न से जुड़ सके। मंत्री तरुनप्रीत सिंह सौंद ने कहा कि सम्मान समारोह ब्लॉक और विधानसभा क्षेत्र स्तर पर शुरू हो चुके हैं और 12 मार्च से जिला स्तर पर जारी रहेंगे, जिसके बाद राज्य स्तरीय कार्यक्रम के साथ यह श्रृंखला संपन्न होगी। उन्होंने बताया, ह्लप्रत्येक विधानसभा क्षेत्र से 100 स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिला उद्यमियों को सम्मानित किया जाएगा, जिससे पूरे राज्य में कुल 11,700 महिलाओं को सम्मान मिलेगा।
इसी प्रकार 23 जिलों में प्रत्येक जिले से 100 महिला उद्यमियों सहित कुल 2,300 महिलाओं को सम्मानित किया जाएगा। राज्य स्तर पर एक समिति शीर्ष 100 महिला उद्यमियों का चयन करेगी, जिन्हें प्रति व्यक्ति 25,000 रुपये की राशि प्रदान की जाएगी।
कुल 14,100 महिला उद्यमियों को किया जाएगा सम्मानित
कुल मिलाकर पूरे पंजाब में 14,100 महिला उद्यमियों को सम्मानित किया जाएगा।मिशन के व्यापक प्रभाव पर प्रकाश डालते हुए पंजाब के मंत्री ने कहा, ह्लपीएसआरएलएम ग्रामीण जरूरतमंद परिवारों की महिलाओं को स्वयं सहायता समूहों से जोड़कर उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रहा है। राज्य में लगभग 58 हजार स्वयं सहायता समूह सक्रिय हैं और करीब छह लाख ग्रामीण महिलाएं उनसे जुड़ी हुई हैं।
पंजाब सरकार द्वारा लाभार्थियों को 30 हजार रुपये का रिवॉल्विंग फंड, 50 हजार रुपये का सामुदायिक निवेश फंड तथा 7 प्रतिशत ब्याज दर पर ऋण सुविधा प्रदान की जा रही है।सहायता ढांचे पर जोर देते हुए उन्होंने कहा कि पीएसआरएलएम के माध्यम से महिलाओं को वित्तीय सहायता के साथ-साथ प्रशिक्षण, बाजार संपर्क, बैंकिंग सहायता और सामाजिक सुरक्षा योजनाओं तक पहुंच भी प्रदान की जा रही है। ये पहलें ग्रामीण परिवारों की आय बढ़ाने और उनकी सामाजिक स्थिति सुधारने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।


