मूल रूप से बिहार का रहने वाला है परिवार, घरेलू कलह बताई जा रही वजह
Punjab Crime News (आज समाज), कपूरथला : कपूरथला के गांव मल्लू कादराबाद में एक दर्दनाक घटना में एक महिला ने अपने तीन बच्चों के साथ जहर (कीटनाशक) गटक लिया। जिस समय महिला ने इस सब को अंजाम दिया तब उसका पति काम पर गया हुआ था। जब वह वापस लौटा तो उसके पूरे परिवार को अर्द्ध बेहोशी की हालत में पाया। इसके बाद सभी को अस्पताल पहुंचाया गया।
जहां पर एक छह वर्षीय बच्ची को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। जबकि अन्य की हालत को गंभीर देखते हुए उन्हें अमृतसर रेफर कर दिया गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस का कहना है कि मामला घरेलु कलह का लग रहा है।
बिहार से संबंधित परिवार 15 साल से यहां रह रहा
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार पीड़ित परिवार बिहार के कटिहार जिले का रहने वाला है और बीते 15 साल से कपूरथला के गांव मल्लू कादराबाद में रह रहा है। पति लवकुश कुमार ने बताया कि हमारी मां से पत्नी की कल फोन पर बात हुई, तो भी विवाद हुआ हो, इसका पता नहीं। इसके अलावा कोई विवाद नहीं था। लवकुश ने कहा कि वह रोजाना की तरह रात करीब 11 बजे खेतों में काम खत्म करने के बाद अपने घर लौटे।
बच्चे जमीन पर पड़े थे, पत्नी कर रही थी उल्टियां
लवकुश ने पुलिस को दी जानकारी में बताया कि घर पहुंचते ही उन्होंने देखा कि उनकी पत्नी संतोष देवी की तबीयत बेहद खराब थी और लगातार उल्टियां हो रही थीं। उसके पास ही कीटनाशक की एक बोतल पड़ी हुई थी।
वहीं, घर के अंदर उनके तीनों बच्चे भी बेहोशी की हालत में पड़े थे। परिवार की यह हालत देखकर लवकुश घबरा गया और तुरंत आसपास के लोगों को सूचना देने के साथ 108 एम्बुलेंस को फोन किया। कुछ ही देर में एम्बुलेंस मौके पर पहुंची और संतोष देवी सहित तीनों बच्चों को इलाज के लिए कपूरथला के सिविल अस्पताल ले जाया गया।
एक बेटी की मौत, मां समेत 3 अमृतसर रेफर
सिविल अस्पताल में ड्यूटी पर तैनात डॉ. करणप्रीत सिंह और मेडिकल टीम ने सभी का तुरंत इलाज शुरू किया। डॉक्टरों ने चारों की हालत को गंभीर मानते हुए प्राथमिक उपचार दिया, लेकिन इलाज के दौरान 6 साल की बच्ची खुशी की मौत हो गई। जबकि संतोष देवी, 8 साल की अमृता और दो वर्षीय बेटे की हालत लगातार गंभीर बनी रही। जिसके बाद उन्हें अमृतसर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।
ये भी पढ़ें : Punjab Weather : पंजाब में बारिश पर ब्रेक, फिर से बढ़ेगा पारा, सताएगी गर्मी


