Panchayat 5 Trailer Release: लोगों के दिलों पर राजन करने वाला कॉमेडी-ड्रामा सीरीज ‘पंचायत सीजन 5’ का ट्रेलर सोमवार को लॉन्च हो गया। ट्रेलर में गांव की राजनीति, सत्ता की खींचतान, रिश्तों की उलझन और हल्के-फुल्के हास्य की झलक देखने को मिल रही है। इस बार फुलेरा में प्रधान की कुर्सी बदल चुकी है, लेकिन गांव की समस्याएं और किरदारों के बीच होने वाली नोकझोंक पहले की तरह जारी रहने वाली है।
बदल गए फुलेरा के प्रधान जी
‘पंचायत सीजन 5’ का ट्रेलर गांव में सत्ता के नए समीकरणों के साथ शुरू होता है। प्रधानजी यानी रघुबीर यादव अब पहले की तरह कुर्सी पर नहीं हैं। सत्ता से दूर होने के बाद उनके सामने नई परिस्थितियों के साथ तालमेल बैठाने की चुनौती है। वहीं, फुलेरा की राजनीति में बदलाव के बीच नए प्रधानपति के सामने अपनी जिम्मेदारी साबित करने का सवाल खड़ा है।
सचिव जी और रिंकी की प्रेम कहानी
नए सीजन में सचिव जी और रिंकी की लव स्टोरी भी अहम भूमिका निभाने वाली है। ट्रेलर में दोनों के रिश्ते को लेकर एक ऐसे मोड़ का संकेत दिया गया है, जिसकी दर्शकों को उम्मीद नहीं थी। अब सवाल यह है कि क्या सचिव जी और रिंकी की प्रेम कहानी अपने मुकाम तक पहुंच पाएगी या उनके रिश्ते में नई मुश्किलें खड़ी होंगी। ‘पंचायत’ की खासियत गांव के रोजमर्रा के जीवन को हास्य और भावनाओं के साथ पेश करना रही है।
पुराने कलाकारों की फिर से वापसी
‘पंचायत सीजन 5’ में दर्शकों को एक बार फिर सीरीज के पसंदीदा कलाकार नजर आएंगे। जितेंद्र कुमार सचिव जी के किरदार में रघुबीर यादव प्रधानजी के रूप में और नीना गुप्ता मंजू देवी के किरदार में वापसी कर रही हैं। इनके अलावा सुनीता राजवर, फैजल मलिक, चंदन रॉय, संविका, दुर्गेश कुमार और अशोक पाठक भी अपनी भूमिकाओं में दिखाई देंगे। सीरीज का निर्देशन दीपक कुमार मिश्रा ने किया है। इसे दीपक कुमार मिश्रा, चंदन कुमार और अरुणाभ कुमार ने बनाया है, जबकि कहानी चंदन कुमार ने लिखी है। इसका निर्माण द वायरल फीवर ने किया है।
कब स्ट्रीम होगी ‘पंचायत 5’?
‘पंचायत 5’ की रिलीज डेट का एलान मेकर्स पहले ही कर चुके हैं। यह सीरीज 3 दिसंबर 2026 को भारत समेत दुनिया के 240 से अधिक देशों और क्षेत्रों में प्राइम वीडियो पर स्ट्रीम होगी।


