कहा, 7,000 किलोमीटर नई पाइपलाइनें बिछाने का कार्य इसी वर्ष के अंत तक पूरा कर लिया जाएगा
Punjab CM News (आज समाज), चंडीगढ़ : पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा है कि उनका एक ही मकसद है और वह है पंजाब के किसान को समृद्ध बनाना। मान ने कहा कि उनकी सरकार इस दिशा में लगातार प्रयास कर रही है। मान ने कहा कि वर्तमान में प्रदेश में नहरी पानी का बड़े स्तर पर प्रयोग हो रहा है।
आने वाले समय में इसका प्रतिशत और भी ज्यादा बढ़ेगा। मान ने कहा कि हर खेत तक नहरी पानी पहुंचाने के लिए उनकी सरकार इस वर्ष के अंत तक 7,000 किलोमीटर और पाइपलाइनें बिछाएगी। इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले चार वर्षों में 14,000 किलोमीटर पाइपलाइनें पहले ही बिछाई जा चुकी हैं, जो कनाडा से मोगा तक की दूरी के बराबर हैं। उन्होंने कहा कि सरकार भूमिगत जल स्तर को ऊंचा उठाने के लिए वाटर रिचार्ज प्वाइंट भी बना रही है।
80 प्रतिशत कृषि योग्य भूमि को मिल रहा नहरी पानी
मोगा के भल्लूर में आयोजित एक ‘लोक मिलनी’ कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा कि उनकी सरकार ने लगभग 80 प्रतिशत कृषि योग्य भूमि तक नहरी पानी पहुंचाना सुनिश्चित किया है, जबकि पिछली सरकारों ने किसानों की अनदेखी की थी। मुख्यमंत्री ने यह भी दावा किया कि वर्ष 2022 के विधानसभा चुनावों में जनता द्वारा नकारी गई पार्टियां मेरे खिलाफ इसलिए एकजुट हो गई हैं क्योंकि वे उनकी सरकार के कार्यों का मुकाबला नहीं कर सकतीं। उन्होंने आगे कहा कि पंजाब के लोग अपने शासनकाल के दौरान राज्य को लूटने वालों को कभी भी दोबारा सत्ता में नहीं आने देंगे।
खेतों में 21 हजार क्यूसिक पानी छोड़ा जा रहा
लोक मिलनी के दौरान लोगों की भारी सभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा कि पंजाब सरकार ने राज्य के कोने-कोने में किसानों की सुविधा के लिए पूरे प्रदेश में 14,000 किलोमीटर पाइपें बिछाई हैं और खाले बनाए हैं। अब तक इन पाइपलाइनों और खालों में 21,000 क्यूसेक पानी छोड़ा जा चुका है ताकि किसानों की सिंचाई संबंधी जरूरतों को पूरा कर उन्हें बड़ा लाभ पहुंचाया जा सके। नहरों और नदियों में रिचार्ज प्वाइंट बनाए गए हैं ताकि जल स्तर को ऊंचा उठाया जा सके और इससे पानी का स्तर दो से चार मीटर तक बढ़ा है।
ये भी पढ़ें : Punjab News : सरकार विचाराधीन मामलों पर गंभीरता से विचार करेगी : संधवा


