Punjab Crime News : पाकिस्तान से पंजाब आए हथियार, भाजपा नेताओं को बनाना था निशाना, पकड़े गए आतंकियों ने किया खुलासा

0
42
पंजाब पुलिस द्वारा पिछले दिनों गिरफ्तार आतंकियों ने पूछताछ में सनसनीखेज खुलासे किए हैं। इन आतंकियों ने बताया है कि उन्हें पंजाब में वारदात करने के लिए हथियार व आदेश पाकिस्तान से मिल रहे थे। इसके साथ ही उनके निशाने पर कई वीआईपी भी थे।
Punjab Crime News : पाकिस्तान से पंजाब आए हथियार, भाजपा नेताओं को बनाना था निशाना, पकड़े गए आतंकियों ने किया खुलासा
Punjab Crime News : पाकिस्तान से पंजाब आए हथियार, भाजपा नेताओं को बनाना था निशाना, पकड़े गए आतंकियों ने किया खुलासा

जालंधर, पटियाला व अमृतसर में कई अन्य वीआइपी पर भी करना था हमला

Punjab Crime News (आज समाज), जालंधर। पंजाब में भाजपा नेताओं सहित कई अन्य वीआईपी आतंकियों के निशाने पर हैं। हालांकि पुलिस ने एक मामले में तत्काल कार्रवाई करते हुए दो ऐसे युवकों को गिरफ्तार किया है जो बब्बर खालसा इंटरनेशनल (बीकेआई) के आतंकी नेटवर्क से सीधे तौर पर जुड़े हुए थे। जब पुलिस ने इन आतंकियों से पूछताछ की तो उनकी तरफ से चौकाने वाले खुलासे सामने आए हैं। पुलिस पूछताछ में यह पता चला है कि आरोपियों को पाकिस्तान से हथियार व हमला करने की वारदात के लिए आदेश मिल रहे थे। उन्होंने न केवल पंजाब भाजपा नेताओं को निशाना था बल्कि अन्य जिलों में भी कई बड़े अपराध को अंजाम देना था।

भाजपा नेता मनोरंजन कालिया के घर फेंका था ग्रेनेड

दरअसल पंजाब पुलिस ने यह खुलासा उन आतंकियों से हुई पूछताछ के बाद किया है जिन्होंने पिछले दिनों भाजपा नेता मनोरंजन कालिया के घर ग्रेनेड हमला किया था। इस हमले की साजिश रचने वाले बब्बर खालसा इंटरनेशनल (बीकेआई) के आतंकी नेटवर्क के पकड़े गए आरोपियों ने बताया कि उनके पास से बरामद पिस्टल पाकिस्तानी तस्कर ने अपने किसी साथी को भेजकर उपलब्ध करवाई थी।

जो जालंधर में ही मिले थे। सीआईए स्टाफ ने आतंकी कुलबीर सिंह सिद्धू के जिन दो शार्प शूटरों को गिरफ्तार किया था, उनको तीन दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। जांच में सामने आया है कि जालंधर सहित पटियाला व अमृतसर में वीआइपी निशाने पर थे।

एक माह से रख रहे थे नजर

शुरुआती पूछताछ में सामने आया है कि आरोपियों के कब्जे से बरामद दोनों पिस्टल पाकिस्तान में बैठे आतंकियों के नेटवर्क के जरिए उपलब्ध कराए गए थे। जांच एजेंसियां इस बात की भी पड़ताल कर रही हैं कि हथियार सीमा पार से किस चैनल के जरिए पंजाब तक पहुंचे। गिरफ्तार आरोपियोंं की पहचान नकोदर के गांव मुज्जफरपुर निवासी विशाल कुमार और मानवजीत सिंह के रूप में हुई है। दोनों पिछले करीब एक महीने से जालंधर के दो प्रमुख वीआइपी व्यक्तियों की गतिविधियों पर नजर रख रहे थे।

उनकी दिनचर्या, आवागमन के रास्ते और सुरक्षा व्यवस्था की रेकी पूरी की जा चुकी थी। यदि समय रहते दोनों गिरफ्तार नहीं होते तो किसी बड़ी टारगेट किलिंग की वारदात से प्रदेश का माहौल बिगड़ सकता था। पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि जालंधर के अलावा आरोपियों को अमृतसर और पटियाला में भी दो अलग-अलग वारदात को अंजाम देने की जिम्मेदारी सौंपी गई थी। इन घटनाओं के पीछे आतंकी संगठन का मकसद पंजाब में भय और अस्थिरता का माहौल पैदा करना था। अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि इन शहरों में संभावित निशाने कौन थे और साजिश किस स्तर तक पहुंच चुकी थी।

ये भी पढ़ें : Punjab Breaking News : बेअदबी कानून पर सरकार के जवाब से अकाल तख्त साहिब के जत्थेदार असंतुष्ट, दो माह की और मोहलत