Punjab News : पटियाला और जालंधर में गीले कचरे का होगा स्थाई समाधान

0
55
Punjab News : पटियाला और जालंधर में गीले कचरे का होगा स्थाई समाधान
Punjab News : पटियाला और जालंधर में गीले कचरे का होगा स्थाई समाधान

सरकार ने इसके लिए सीबीजी प्रोजेक्ट को दी मंजूरी

Punjab News (आज समाज), चंडीगढ़ : पंजाब सरकार ने प्रदेश के दो जिलों पटियाला और जालंधर को गीला कचरा मुक्त करने के लिए नया प्रयास किया है। इस संबंधी एक बड़ा और अहम फैसला लेते हुए मंत्रिमंडल ने नगर निगम पटियाला और नगर निगम जालंधर में 100 टीपीडी की क्षमता वाले गीले कचरे पर आधारित कंप्रेस्ड बायोगैस (सीबीजी) प्रोजेक्टों को मंजूरी दे दी है और ये प्रोजेक्ट नामांकन के आधार पर एचपीसीएल रीन्यूएबल एंड ग्रीन एनर्जी लिमिटेड (एचपीआरजीई) को सौंपे जाएंगे।प्रदेश भर की 166 शहरी स्थानीय इकाइयों में प्रतिदिन लगभग 4,000 टन म्यूनिसिपल ठोस कचरा पैदा होता है।

वैज्ञानिक तरीके से किया जाएगा कचरे का हल

इस प्रोजेक्ट के तहत गीले कचरे की वैज्ञानिक ढंग से प्रोसेसिंग की जाएगी जिससे कचरे के नीचे दबी जगहें साफ हो सकेंगी, शहरी सफाई और जनता के स्वास्थ्य में सुधार होगा, नवीकरणीय ऊर्जा और जैविक खाद पैदा होगी, मीथेन का उत्सर्जन घटेगा और अर्थव्यवस्था को बढ़ावा मिलेगा।

विवादों को सुलझाने के लिए पंजाब सिविल सेवाएं नियमों में संशोधन

मंत्रिमंडल ने पंजाब सिविल सर्विसेज (जनरल एंड कामन कंडीशंस आॅफ सर्विस) रूल्स-1994 के नियम-8 में संशोधन को भी मंजूरी दे दी है। यह संशोधन उन स्थितियों का समाधान करता है जहां एक जैसी योग्यता प्राप्त करने वाले उम्मीदवारों की जन्म तिथि भी एक जैसी होती है। ऐसे मामलों में अंतर-सीनियरिटी अब मेरिट के आधार पर निर्धारित की जाएगी, जिसमें संबंधित पद के लिए निर्धारित न्यूनतम शैक्षिक योग्यता में प्राप्त अंतिम ग्रेडिंग या प्रतिशतता शामिल होगी।

दोबारा परीक्षा देने वाले परीक्षार्थियों को बड़ी राहत

नीट (अंडर ग्रेजुएट) की दोबारा परीक्षा देने वाले परीक्षार्थियों को बड़ी राहत देते हुए कैबिनेट ने उम्मीदवारों और उनके साथ जाने वाले एक अटेंडेंट के लिए पंजाब और चंडीगढ़ में परीक्षा केंद्रों तक मुफ्त बस सफर को मंजूरी दी है। उल्लेखनीय है कि 3 मई, 2026 को हुई नीट की परीक्षा रद्द कर दी गई थी और अब यह परीक्षा 21 जून, 2026 के लिए पुनर्निर्धारित की गई है। विद्यार्थियों और उनके अटेंडेंट की सुविधा के लिए पंजाब रोडवेज, पनबस और पी.आर.टी.सी. की बसें 20, 21 और 22 जून को पंजाब और चंडीगढ़ के परीक्षा केंद्रों तक आने-जाने के लिए मुफ्त सफर की सुविधा प्रदान करेंगी।