मौसम विभाग ने दी चेतावनी सोमवार से लगातार पांच दिन चलेगी लू
Punjab Weather Update (आज समाज), चंडीगढ़ : पंजाब में पारा अब तेजी से ऊपर की तरफ जा रहा है। मई का पहला व दूसरा सप्ताह गर्मी से राहत में बीता लेकिन 15 मई के बाद तापमान में लगातार वृद्धि दर्ज की जा रही है। जिससे प्रदेश में गर्मी अब अपने चरम की तरफ जा रही है।
इसी बीच भारतीय मौसम विभाग की चंडीगढ़ शाखा ने जो बुलेटिन जारी किया है उसके अनुसार आने वाले पांच दिन तापमान में तेजी से वृद्धि होगी। जिससे तापमान 45 डिग्री तक जाएगा। कुछ जगहों पर यह 45 डिग्री को पार भी कर सकता है। पिछले कुछ दिनों से प्रदेश के अधिकत्तम व न्यूनतम तापमान में तेजी दर्ज की गई है।
इस तरह रहा प्रदेश के प्रमुख शहरों का तापमान
पंजाब में 42.6 डिग्री के तापमान के साथ फरीदकोट सबसे गर्म रहा। अमृतसर का अधिकतम पारा 38.2 डिग्री, लुधियाना का 39.8 डिग्री, पटियाला का 40.8 डिग्री, पठानकोट का 37.4 डिग्री, बठिंडा का 42.3 डिग्री, गुरदासपुर का 38.0 डिग्री, फाजिल्का का 39.0 डिग्री, फिरोजपुर का 37.2 डिग्री, होशियारपुर का 36.7 डिग्री और रूपनगर का 38.7 डिग्री दर्ज किया गया। वहीं, अमृतसर का न्यूनतम पारा 22.8 डिग्री, लुधियाना का 23.8 डिग्री, पटियाला का 24.2 डिग्री, पठानकोट का 22.1 डिग्री, बठिंडा का 23.0 डिग्री, फिरोजपुर का 22.4 डिग्री, होशियारपुर का 20.3 डिग्री दर्ज किया गया।
स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने जारी की एडवाइजरी
मौसम विभाग ने सोमवार से पंजाब में हीट वेव चलने के मद्देनजर एडवाइजरी जारी की है। इसके जरिये सुझाव दिया गया है कि तेज धूप में बाहर निकलने से बचें। पर्याप्त मात्रा में पानी पिएं। हल्के रंग के ढीले सूती कपड़े पहनें। अपने सिर कपड़े या छतरी से ढकें। किसानों को सलाह दी है कि फसलों पर गर्मी का प्रभाव कम करने के लिए शाम या सुबह के समय ही सिंचाई करें। इसके साथ ही पानी, शरबत आदि पेय पदार्थों का प्रयोग नियमित रूप से करें ताकि शरीर में पानी की जरूरी मात्रा बनी रहे।
ये भी पढ़ें : Punjab CM News : केंद्र सरकार ने आम लोगों पर डाला बोझ : मान


