विदेश में बैठे हैंडलर्स के कहने पर करता था वारदात, दो साथी भी काबू
Punjab Crime News (आज समाज), गुरदासपुर : अपराधियों के खिलाफ चलाए गए अभियान के तहत प्रदेश की गुरदासपुर पुलिस ने काउंटर इंटेलिजेंस के साथ मिलकर एक बड़ी कामयाबी हासिल की है। पुलिस ने एक जिंदा हैंड ग्रेनेड के साथ आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। इसके साथ ही पुलिस ने 27 अप्रैल को गीता भवन रोड के पास मिले हैंड ग्रेनेड मामले को भी सुलझा लिया है। पुलिस ने पकड़े गए आरोपी के साथ उसके दो साथियों को भी गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है।
इस तरह मिली पुलिस को सफलता
पुलिस के अनुसार, 27 अप्रैल 2026 को गीता भवन रोड के पास एक दुकान के समीप हैंड ग्रेनेड बरामद हुआ था। घटना के बाद पुलिस ने तकनीकी इनपुट, सीसीटीवी फुटेज और ह्यूमन इंटेलिजेंस (मानवीय खुफिया जानकारी) के आधार पर गहन जांच शुरू की। इसके आधार पर दुकान के पास ग्रेनेड फेंकने में शामिल आरोपियों की पहचान कर उन्हें दबोच लिया गया। पुलिस ने जब एक आरोपी के घर पर छापेमारी की, तो वहां से एक और जिंदा हैंड ग्रेनेड बरामद हुआ।
इस तरह मिलते थे आरोपियों को हथियार
मामले की शुरुआती तफ्तीश में यह सनसनीखेज खुलासा हुआ है कि गिरफ्तार किए गए आरोपी विदेश में बैठे एक हैंडलर के इशारे पर काम कर रहे थे। जांच में सामने आया है कि आरोपियों को दोनों हैंड ग्रेनेड उसी विदेशी हैंडलर के जरिए मुहैया कराए गए थे, जिसके बाद वे पंजाब में किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में थे।
यूएपीए के तहत मामला दर्ज, आगे की जांच जारी
इस आतंकी मॉड्यूल का भंडाफोड़ होने के बाद थाना सिटी, गुरदासपुर में गैरकानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम और विस्फोटक पदार्थ अधिनियम की गंभीर धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस अब इस नेटवर्क के ‘फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंकेज’ (आगे और पीछे के संपर्कों) को खंगाल रही है, ताकि इस साजिश में शामिल स्थानीय सहायता नेटवर्क और विदेशी हैंडलरों के पूरे सिंडिकेट का पदार्फाश किया जा सके।
ये भी पढ़ें : Punjab CM News : केंद्र सरकार ने आम लोगों पर डाला बोझ : मान


