पिछली सरकारों ने नशे के कारोबार को संरक्षण दिया लेकिन हमने इस पर सख्त कार्रवाई की
Punjab News (आज समाज), फगवाड़ा : पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा कि लोगों का उत्साह इस बात का गवाह है कि हम नशे के खिलाफ जंग जीतने के बहुत करीब आ गए हैं। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य, शिक्षा जैसे आम आदमी से संबंधित मुद्दों को सामने लाने का श्रेय अरविंद केजरीवाल को जाता है। भगवंत सिंह मान ने कहा कि नशों के खिलाफ जंग को जन आंदोलन में बदल दिया गया है क्योंकि यह अभिशाप एक सामाजिक बुराई है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि नशे के अभिशाप को केवल एक जन आंदोलन ही रोक सकता है, न कि पुलिस या कोई सरकारी कार्रवाई रोक सकती है। उन्होंने कहा कि पिछली सरकारों ने नशे के कारोबार को संरक्षण दिया था लेकिन हमने इस पर सख्त कार्रवाई की है।
पंजाब को बदनाम करने की साजिश हो रही
एक उदाहरण देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि गुजरात में क्विंटलों की मात्रा में नशा बरामद होता है लेकिन एक साजिश के तहत केवल पंजाब को गलत तरीके से बदनाम किया जाता है। भगवंत सिंह मान ने कहा कि युद्ध नशे के विरुद्ध अभियान का उद्देश्य प्रदेश की आने वाली पीढ़ियों को बचाना है और इसके नतीजे जल्द सामने आएंगे। उन्होंने कहा कि हर राज्य पंजाब के वैध अधिकारों को छीनना चाहता है लेकिन पंजाब सरकार प्रदेश के हितों की रक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
नशा तस्करों को संरक्षण देने वाले बख्शे नहीं जाएंगे
मुख्यमंत्री ने कहा कि नशे के कारोबार को संरक्षण देने वाले लोगों को अपने पापों की सजा भुगतनी पड़ रही है। उन्होंने कहा कि इसके लिए सभी प्रदेशवासी प्रशंसा के हकदार हैं। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में जब प्रदेश का इतिहास लिखा जाएगा, तो नशा विरोधी लहर का हिस्सा बनने वाले इन सभी वीरों के प्रदेश को बचाने के लिए दिए योगदान को सुनहरे अक्षरों में लिखा जाएगा। भगवंत सिंह मान ने कहा कि प्रदेश के लोग पंजाब को बर्बाद करने वाले अवसरवादी राजनीतिक नेताओं के संदिग्ध चरित्र से अच्छी तरह वाकिफ हैं।
नशा पीड़ित कोई अपराधी नहीं
मुख्यमंत्री ने कहा कि नशा पीड़ित अपराधी नहीं हैं और उन्हें सहानुभूति और इलाज की जरूरत है जिसके लिए कोई कसर बाकी नहीं छोड़ी जाएगी। उन्होंने कहा कि समय की जरूरत है कि नशों के खिलाफ निस्वार्थ ढंग से बड़े स्तर पर कार्रवाई के लिए ठोस प्रयास किए जाएं। भगवंत सिंह मान ने कहा कि पिछली सरकारों ने अपने संकीर्ण राजनीतिक हितों के लिए नशे के कारोबार को संरक्षण दिया था लेकिन इस लहर का उद्देश्य रंगला और खुशहाल पंजाब सृजन करना है।
ये भी पढ़ें : Punjab Breaking News : नशा तस्करों पर पंजाब सरकार की कार्रवाई मिसाली : केजरीवाल


