Punjab Breaking News : नशा तस्करों पर पंजाब सरकार की कार्रवाई मिसाली : केजरीवाल

0
155
Punjab Breaking News : नशा तस्करों पर पंजाब सरकार की कार्रवाई मिसाली : केजरीवाल
Punjab Breaking News : नशा तस्करों पर पंजाब सरकार की कार्रवाई मिसाली : केजरीवाल

कहा, देश के दूसरे राज्यों में भी बिकता है नशा लेकिन वहां की सरकारों को इसकी परवाह नहीं

Punjab Breaking News (आज समाज), फगवाड़ा : पंजाब में युद्ध नशा विरुद्ध अभियान के दूसरे चरण के दौरान एक जनसभा को संबोधित करते हुए आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने कहा, युद्ध नशे के विरुद्ध के पहले चरण की शानदार सफलता के बाद, दूसरा चरण आज शुरू हो रहा है। पहला चरण 1 मार्च 2025 को लगभग 10 महीने पहले शुरू किया गया था, और जिस ईमानदारी, कड़ी मेहनत और दृढ़ता के साथ इसे लागू किया गया, वह पहले कभी नहीं देखी गई, न केवल पंजाब में बल्कि देश भर के किसी भी राज्य में, नशों के खिलाफ लड़ाई इतने व्यापक ढंग से नहीं लड़ी गई। ऐसा नहीं है कि नशे केवल पंजाब में ही बिकते हैं। हरियाणा, गुजरात, दिल्ली और कई अन्य राज्यों सहित बहुत से राज्य हैं, जहां नशे खुलेआम और बड़ी मात्रा में बिकते हैं, लेकिन वहां की सरकारों को कोई परवाह नहीं है।

पहली सरकारों ने नहीं की कोई कार्रवाई

‘आप’ सरकार बनने से पहले के हालात को याद करते हुए ‘आप’ प्रमुख ने आगे कहा कि पंजाब में, हमसे पहले, जब शिरोमणि अकाली दल की सरकार सत्ता में थी, उनके राज के दौरान नशे हर गली और हर घर में सप्लाई होते थे। यह वह समय था जब पंजाब नशों में जकड़ा हुआ था जिसके कारण ‘उड़ता पंजाब’ फिल्म बनी थी। पंजाब ने नशे को घरों में घुसते देखा, और उनके कई बड़े नेता सीधे तौर पर नशे बेचने में शामिल थे। उसके बाद, कैप्टन अमरिंदर ने गुटका साहिब पर शपथ ली और कहा कि वे 30 या 60 दिनों में नशों को खत्म कर देंगे। उनकी सरकार पांच साल चली और कुछ नहीं किया गया। वे झूठी शपथें थी। उसके बाद, हमारी सरकार आई।

पिछले साल एक मार्च से शुरू किया अभियान

अधिक विस्तार से बताते हुए, अरविंद केजरीवाल ने कहा कि हमने कुछ समय लिया क्योंकि सही तैयारी की जरूरत थी, लेकिन पिछले साल 1 मार्च के बाद, जिस दृढ़ता और हिम्मत के साथ हमने नशों के खिलाफ कार्रवाई शुरू की, वह बेमिसाल थी। बहुत से लोगों ने हमें चेतावनी दी कि नशा तस्कर बहुत खतरनाक हैं, वे बड़े गैंगस्टर, अपराधी और गुंडे हैं, और वे हमारे परिवारों को नुकसान पहुंचा सकते हैं। हमने कहा नहीं, हम लोगों से वादा करके आए हैं कि हम पंजाब को नशा मुक्त बनाएंगे और अपने बच्चों के लिए एक अच्छा भविष्य सुरक्षित करेंगे।