कहा, देश की एकता और संप्रभुता के लिए बलिदान देने में हमेशा अग्रणी रहा है सूबा
Punjab Breaking News (आज समाज), चंडीगढ़ : पंजाब सीएम भगवंत सिंह मान ने एक बार फिर से यह दोहराया है कि देश की आजादी में योगदान, बहादुरी, भाईचारे की मजबूत भावना, शानदार विरासत और भारत के खड़गभुजा एवं अन्नदाता के रूप में पंजाब के अमूल्य योगदान का मुकाबला नहीं किया जा सकता। नेशनल डिफेंस कॉलेज के प्रतिनिधिमंडल से बातचीत करते हुए मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा कि पंजाब ने भारतीय सशस्त्र बलों को जांबाज फौजी अधिकारी और बहादुर जवान दिए हैं, जिन्होंने हमेशा मोर्चे पर रहकर देश के लिए शहादतें दी हैं। उन्होंने कहा कि यह जानकर खुशी हुई कि नेशनल डिफेंस कॉलेज, नई दिल्ली द्वारा 2 से 6 फरवरी तक पंजाब का दौरा किया जा रहा है।
हमारे युवा देश की रक्षा करते हैं और किसान पेट भरते हैं
मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा कि राज्य के नौजवान सीमाओं की रक्षा करते हैं और हमारे किसान देश का पेट भरते हैं, इसी कारण पंजाब को भारत का अन्नदाता और खड़गभुजा के रूप में सम्मान प्राप्त है। मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजाब के किसान देश के अनाज उत्पादन में सबसे अधिक योगदान देते हैं और राष्ट्रीय पूल में 40 प्रतिशत अनाज इसी राज्य द्वारा उपलब्ध कराया जाता है। उन्होंने आगे कहा कि पंजाब के बहादुर सैनिकों ने देश की एकता, अखंडता और संप्रभुता की रक्षा के लिए अपनी जानें कुर्बान की हैं और यह अटल एवं स्पष्ट सत्य है कि देश के स्वतंत्रता संग्राम में पंजाबियों ने सबसे अधिक बलिदान दिए हैं।ह्व
पंजाब में नफरत के बीज नहीं पनपने देंगे
मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा कि पंजाब एक शांतिपूर्ण राज्य है जहां शांति, प्रेम और भाईचारे की भावना इतनी मजबूत है कि यहां नफरत के बीज नहीं पनप सकते। मुख्यमंत्री ने कहा कि सीमावर्ती राज्य होने के बावजूद, पंजाब कभी भी सांप्रदायिकता में बंटा नहीं। इसके बजाय कठिन घड़ी में पंजाबियों ने दुनिया के सामने भाईचारे और सद्भावना की शानदार मिसालें पेश की हैं।
उन्होंने आगे कहा कि पवित्र शहर अमृतसर को सरब-सांझीवालता का प्रतीक माना जाता है और गुरुओं द्वारा बसायी यह धरती श्री हरिमंदिर साहिब, दुर्गियाना मंदिर, भगवान वाल्मीकि तीर्थ स्थल, जल्लियांवाला बाग और अन्य पवित्र स्थानों का घर है। उन्होंने कहा कि पंजाब एक विरोधी देश के साथ 532 किलोमीटर लंबी अंतरराष्ट्रीय सीमा साझा करता है, फिर भी यह धर्मनिरपेक्षता, शांति और सद्भावना का पुंज बना हुआ है।


