दिनभर जारी रहा छापेमारी अभियान, 319 जगह की छापेमारी
Chandigarh Crime News (आज समाज), चंडीगढ़ : मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान द्वारा राज्य में नशों के खात्मे के लिए शुरू की गई नशों के खिलाफ जंग युद्ध नशों विरुद्ध को लगातार 304वें दिन भी जारी रखते हुए, पंजाब पुलिस ने आज 319 स्थानों पर छापेमारी की, जिस दौरान राज्य भर में 82 एफआईआर दर्ज करके 113 नशा तस्करों को गिरफ्तार किया गया। इससे 304 दिनों में गिरफ्तार किए गए कुल नशा तस्करों की संख्या 42,480 हो गई है। छापों के परिणामस्वरूप गिरफ्तार किए गए नशा तस्करों के कब्जे से 455 ग्राम हेरोइन, 25 किलोग्राम भुक्की, 1995 नशीली गोलियां/कैप्सूल तथा 54,440 रुपये की ड्रग मनी बरामद की गई है।
120 से ज्यादा टीमों ने लिया हिस्सा
इस आॅपरेशन के दौरान 71 गजेटेड अधिकारियों की निगरानी में 1000 से अधिक पुलिस कर्मियों वाली 120 से अधिक पुलिस टीमों ने राज्य भर में 319 छापे मारे हैं। दिन भर चले इस आॅपरेशन के दौरान पुलिस टीमों ने 322 संदिग्ध व्यक्तियों की भी जांच की है। उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने पुलिस कमिश्नरों, डिप्टी कमिश्नरों तथा सीनियर पुलिस सुपरिंटेंडेंट को पंजाब को नशा मुक्त राज्य बनाने के निर्देश दिए हैं। पंजाब सरकार ने नशों के खिलाफ जंग की निगरानी के लिए वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा की अगुवाई में 5 सदस्यीय कैबिनेट सब-कमेटी का भी गठन किया है।
अमृतसर पुलिस ने पकड़ा अंतरराष्टÑीय नशा तस्करी गिरोह
अमृतसर कमिश्नरेट पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए सीमा पार से चल रहे नशा व हथियार तस्करी गिरोह का भंडाफोड़ किया है। इस दौरान पुलिस ने सात आरोपियों को 4.075 किलोग्राम हेरोइन, 1 किलोग्राम मेथामफेटामाइन (आईसीई) और एक 9 एमएम ग्लॉक पिस्टल सहित गिरफ्तार किया है। यह जानकारी पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) पंजाब गौरव यादव ने देते हुए बताया कि गिरफ्तार किए गए व्यक्तियों की पहचान अमृतसर के गांव जसरोर के जजबीर सिंह उर्फ जज (21), अमृतसर के अजनाला के जसपाल सिंह उर्फ जस्स (22), गुरदासपुर के गांव लोपां के अनमोलप्रीत सिंह (19), गुरदासपुर के गांव संदलपुर के हरपिंदर सिंह उर्फ भिंदा (32), गुरदासपुर के गांव संदलपुर के तरुनप्रीत सिंह (20), अमृतसर के गांव बुआ नंगली के देविंदर सिंह उर्फ बाऊ (33) तथा अमृतसर के गांव बुआ नंगली के मनदीप सिंह (24) के रूप में हुई है।


