पकड़े गए आरोपियों से पुलिस ने भारी मात्रा में नशीले पदार्थ पकड़े
Chandigarh Breaking News (आज समाज), चंडीगढ़ : पंजाब में नशा तस्करों के खिलाफ अभियान लगातार जारी है। पंजाब पुलिस ने इस अभियान को युद्ध नशे विरुद्ध का नाम दिया हुआ है। इस अभियान के तहत प्रदेश पुलिस हर रोज बड़े स्तर पर टीमें बनाकर नशा तस्करों के खिलाफ कार्रवाई कर रही है।
जिसके तहत भारी संख्या में नशा तस्कर गिरफ्तार किए जा रहे हैं जिन्हें सलाखों के पीछे भेजा जा रहा है। इस दौरान पकड़े गए आरोपियों से नशीले पदार्थों की खेप भी बरामद की जा रही है। इसी अभियान के 411वें दिन भी कार्रवाई जारी रखते हुए पुलिस ने 128 नशा तस्करों को गिरफ्तार किया। उनके कब्जे से 998 ग्राम हेरोइन, 12 किलोग्राम गांजा, 21 किलोग्राम भुक्की, 616 नशीली गोलियां/कैप्सूल और 1840 रुपये की ड्रग मनी बरामद की गई।
अब तक इतने नशा तस्कर पकड़े जा चुके
इस अभियान के तहत पिछले 411 दिनों में कुल 59,175 नशा तस्करों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जो इस दिशा में पुलिस की निरंतर और सख्त कार्रवाई को दर्शाता है। नशा मुक्ति के प्रयासों के तहत आज 14 व्यक्तियों को नशा छोड़ने और पुनर्वास उपचार के लिए प्रेरित किया गया, जो समाज में सकारात्मक परिवर्तन की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के निदेर्शों के तहत चलाए जा रहे अभियान गैंगस्टरां ते वार के 86वें दिन पंजाब पुलिस ने पूरे राज्य में व्यापक कार्रवाई करते हुए गैंगस्टरों के सहयोगियों से जुड़े 566 ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की।
20 जनवरी को शुरू किया था अभियान
उल्लेखनीय है कि गैंगस्टरां ते वार 20 जनवरी 2026 को पुलिस महानिदेशक गौरव यादव द्वारा शुरू किया गया था, जिसका उद्देश्य पंजाब को गैंगस्टर मुक्त बनाना है। एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स के समन्वय से राज्य के सभी जिलों में यह विशेष अभियान लगातार चलाया जा रहा है। आज की कार्रवाई के दौरान पुलिस ने दो हथियार बरामद करते हुए 238 व्यक्तियों को गिरफ्तार किया।
इसके साथ ही इस अभियान की शुरूआत से अब तक कुल गिरफ्तारियों की संख्या 21,652 तक पहुंच गई है। इसके अतिरिक्त 68 व्यक्तियों के विरुद्ध एहतियाती कार्रवाई की गई, जबकि 171 व्यक्तियों को पूछताछ के बाद रिहा कर दिया गया। कार्रवाई के दौरान 6 फरार अपराधियों को भी गिरफ्तार किया गया।


