कहा, प्रगतिशील पंजाब निवेश सम्मेलन के द्वारा व्यापक निवेश होने से युवाओं के लिए रोजगार के बड़े अवसर सृजित होंगे
Punjab News (आज समाज), चंडीगढ़। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने मोहाली में 13 से 15 मार्च 2026 को होने वाले प्रगतिशील पंजाब निवेश सम्मेलन की तैयारियों का जायजा लेते हुए इसे निर्णायक कदम बताया, जो प्रदेश में औद्योगिक विकास को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएगा।
उच्च स्तरीय बैठक की अध्यक्षता करते हुए मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा कि प्रगतिशील पंजाब निवेश सम्मेलन 13 से 15 मार्च 2026 को मोहाली में होगा, जो प्रदेश में औद्योगिक प्रगति को बड़ा बढ़ावा देगा। पंजाब पहले ही वैश्विक स्तर पर निवेश के लिए सबसे पसंदीदा स्थान के रूप में उभर चुका है।ह्व उन्होंने कहा, यह ऐतिहासिक सम्मेलन औद्योगिक तरक्की को नई गति देने के लिए प्रदेश की तकदीर रचने में सक्षम मंच प्रदान करेगा।
आपसी सहमति से बनेगी व्यापार नीति
सामूहिक विचार-विमर्श की आवश्यकता पर जोर देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा, अंतरराष्ट्रीय औद्योगिक दिग्गजों के साथ लंबी चर्चा के बाद प्रदेश की इंडस्ट्री के लिए उद्योग-अनुकूल कार्य योजना तैयार करने के लिए आपसी सहमति विकसित की जाएगी। पंजाबियों के अग्रणी रहने के गुणों और उद्यमी भावना की भरपूर सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि पंजाबी अपनी हिम्मत और काबिलियत से दुनिया में कहीं भी कमाल कर सकते हैं।
इस सम्मेलन के विषय पर प्रकाश डालते हुए मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा कि यह सम्मेलन पंजाब मीन्ज बिजनेस-पॉलिसी टू प्रैक्टिस (पंजाब मतलब कारोबार – नीति से अमल) के विषय पर आधारित होगा। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार द्वारा पहले ही गुरुग्राम, नई दिल्ली, बेंगलुरु, हैदराबाद, चेन्नई, मुंबई तथा जापान, दक्षिण कोरिया आदि देशों में रोड शो आयोजित किए जा चुके हैं। उन्होंने आगे कहा, सम्मेलन के दौरान मुख्य सत्रों में उद्घाटन, समापन, कंटरी सैशन, प्लेनरी सैशन, सेक्टरल सैशन आदि शामिल होंगे।
निवेश के अवसरों के लिए मंच प्रदान करेगा
इस आयोजन को निवेशकों के लिए बड़ा अवसर करार देते हुए मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा कि निवेशक सम्मेलन देश भर में अधिकतम रियायतें पेश करते हुए प्रदेश में निवेश के अवसरों के लिए मंच प्रदान करेगा। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार को इस व्यापक आयोजन में भाग लेने के लिए न केवल भारत बल्कि दुनिया भर के औद्योगिक दिग्गजों से भरपूर समर्थन मिला है। अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए उन्होंने कहा कि प्रदेश का मुख्य आधार कृषि क्षेत्र पहले ही चुनौतियों से जूझ रहा है और कमजोर हुई अर्थव्यवस्था को पुनर्जीवित करने के लिए व्यापक औद्योगिकीकरण ही एकमात्र समाधान है।


