दिनभर 391 जगह की छापेमारी, 148 नशा तस्कर काबू, करोड़ों रुपए के नशीले पदार्थ जब्त
Chandigarh Crime News (आज समाज), चंडीगढ़ : युद्ध नशों विरुद्ध को लगातार 301वें दिन भी जारी रखते हुए, पंजाब पुलिस ने आज 391 स्थानों पर छापेमारी की। इस दौरान प्रदेश भर में 103 एफआईआर दर्ज कर 148 नशा तस्करों को गिरफ्तार किया गया। इसके साथ ही 301 दिनों में गिरफ्तार किए गए कुल नशा तस्करों की संख्या 42,029 हो गई है।
इस छापेमारी के दौरान गिरफ्तार किए गए नशा तस्करों के कब्जे से 5.5 किलोग्राम हेरोइन, 5 किलोग्राम भुक्की, 3,414 नशीली गोलियां/कैप्सूल तथा 1.57 लाख रुपये की ड्रग मनी बरामद की गई है। उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने पुलिस आयुक्तों, उपायुक्तों तथा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षकों को पंजाब को नशा मुक्त राज्य बनाने के निर्देश दिए हैं। पंजाब सरकार ने नशों के खिलाफ इस युद्ध की निगरानी के लिए वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा की अगुवाई में 5 सदस्यीय कैबिनेट सब-कमेटी का गठन भी किया है।इस अभियान के दौरान 77 गजेटेड अधिकारियों की निगरानी में 1,000 से अधिक पुलिस कर्मियों वाली 120 से अधिक पुलिस टीमों ने पूरे राज्य में 391 छापेमारियां कीं।
सीमा पार से भेजी हेरोइन की खेप सहित एक काबू
स्टेट स्पेशल आॅपरेशन सेल (एसएसओसी), फाजिल्का ने सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के साथ संयुक्त अभियान में एक नशा तस्कर को 5.11 किलो हेरोइन सहित गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान बलजीत सिंह निवासी गांव ढांडी कदीम, जलालाबाद, फाजिल्का के रूप में हुई है। इस संबंधी जानकारी देते हुए डीजीपी गौरव यादव ने बताया कि प्रारंभिक जांच से पता चला है कि बरामद की गई हेरोइन की खेप पाकिस्तान-आधारित तस्करों द्वारा ड्रोन के माध्यम से भेजी गई थी।डीजीपी ने कहा कि यह खेप आगे राज्य भर में सप्लाई की जानी थी। उन्होंने बताया कि इस नेटवर्क के आगे-पीछे के संबंधों को स्थापित करने के लिए आगे की जांच जारी है।
इस तरह मिली पुलिस को सफलता
इस आॅपरेशन के संबंध में जानकारी देते हुए एआईजी एसएसओसी फाजिल्का गुरसेवक सिंह ने बताया कि विशेष सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए, एसएसओसी फाजिल्का की पुलिस टीम ने बीएसएफ के साथ मिलकर जलालाबाद क्षेत्र में एक विशेष गुप्त अभियान चलाया। इस अभियान के दौरान संदिग्ध व्यक्ति को फाजिल्का के गांव ढांडी कदीम क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया और उसकी व्यक्तिगत तलाशी के दौरान उसके पास से 5.11 किलो हेरोइन बरामद की गई।
ये भी पढ़ें : Chandigarh Breaking News : पोस्ट मैट्रिक स्कॉलरशिप के तहत 4.77 करोड़ रुपए जारी : डॉ. बलजीत कौर


