पकड़े गए आरोपियों से बरामद की नशे की खेप, 5.07 लाख ड्रग मनी भी जब्त
Punjab Crime News (आज समाज), चंडीगढ़ : पंजाब में नशा तस्करों के खिलाफ शुरू किए गए विशेष अभियान युद्ध नशे विरुद्ध के तहत पंजाब पुलिस ने बड़े स्तर पर प्रदेश भर में छापेमारी की। इस छापेमारी के दौरान जहां 91 नशा तस्करों को गिरफ्तार किया गया वहीं उनके कब्जे से पुलिस ने 910 ग्राम हेरोइन, 285 नशीली गोलियां और 5.07 लाख रुपये की ड्रग मनी बरामद की। इसके साथ ही केवल 458 दिनों में गिरफ्तार किए गए कुल नशा तस्करों की संख्या 66,282 हो गई है। नशा मुक्ति अभियान के अंतर्गत पंजाब पुलिस ने आज 11 व्यक्तियों को नशा छुड़ाने और पुनर्वास उपचार करवाने के लिए भी प्रेरित किया।
एक मार्च 2025 को शुरू किया था विशेष अभियान
ज्ञात रहे कि पंजाब को नशे से पूरी तरह मुक्त करने के लिए पंजाब सरकार ने एक मार्च 2025 को विशेष बैठक का आयोजन किया था। इस बैठक में सीएम भगवंत सिंह मान ने डीजीपी पंजाब को नशा तस्करों के खिलाफ विशेष कार्रवाई करने के निर्देश दिए थे। जिसके बाद एक मार्च 2025 से लेकर अब तक प्रदेश में यह विशेष अभियान जारी है।
गैंगस्टरों के खिलाफ भी पुलिस की कार्रवाई जारी
राज्य में चल रहे निर्णायक अभियान गैंगस्टरों ते वार के 133वें दिन पंजाब पुलिस ने आज पूरे राज्य में गैंगस्टरों के सहयोगियों के चिन्हित एवं मैप किए गए 499 ठिकानों पर छापेमारी की। उल्लेखनीय है कि गैंगस्टरों ते वार पंजाब को गैंगस्टर-मुक्त राज्य बनाने के लिए एक निर्णायक अभियान है, जिसकी शुरूआत 20 जनवरी, 2026 को पंजाब के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) गौरव यादव द्वारा की गई थी।
एंटी-गैंगस्टर टास्क फोर्स (एजीटीएफ) पंजाब के समन्वय से सभी जिलों की पुलिस टीमें राज्यभर में विशेष अभियान चला रही हैं। 133वें दिन पुलिस टीमों ने 221 व्यक्तियों को गिरफ्तार करने के साथ-साथ 2 हथियार भी बरामद किए, जिससे अभियान की शुरूआत के बाद कुल गिरफ्तारियों की संख्या 33,340 हो गई है। इसके अतिरिक्त 81 व्यक्तियों के विरुद्ध एहतियाती कार्रवाई की गई, जबकि 10 व्यक्तियों को पूछताछ के बाद छोड़ दिया गया। कार्रवाई के दौरान पुलिस टीमों ने 3 भगोड़े अपराधियों (पीओ) को भी गिरफ्तार किया।
ये भी पढ़ें : Punjab CM News : किसानों की आर्थिक आजादी मेरा उद्देश्य : मान


