सरकारी स्कूलों के 59 विद्यार्थियों ने जेईई एडवांस परीक्षा पास की, आईआईटी क्वालीफायरों में 34 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज
Chandigarh Breaking News (आज समाज), चंडीगढ़ : पंजाब के शिक्षा मंत्री हरजोत सिंह बैंस ने कहा है कि प्रदेश सरकार के प्रयासों की बदौलत सरकारी स्कूलों के स्तर में बहुत ज्यादा अंतर आया है। यह अंतर छात्रों के मानसिक स्तर में भी दिखाई दे रहा है। यही कारण है कि इस साल प्रदेश के सरकारी स्कूलों के 59 विद्यार्थियों ने भारत की सबसे कठिन इंजीनियरिंग प्रवेश परीक्षा जेईई एडवांस्ड 2026 पास कर ली है।
उन्होंने बताया कि वर्ष 2025 में 44 क्वालीफायरों की तुलना में इस बार 34 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है। इस उपलब्धि पर गर्व व्यक्त करते हुए शिक्षा मंत्री स. हरजोत सिंह बैंस ने 59 सफल विद्यार्थियों, उनके अभिभावकों और शिक्षकों को बधाई दी, जिनकी मेहनत और लगन से यह सफलता हासिल हुई है।
शिक्षा मंत्री ने जिलेवार आंकड़े साझा किए
जिला-वार आंकड़े साझा करते हुए शिक्षा मंत्री ने बताया कि पटियाला जिला 11 क्वालीफायरों के साथ सबसे आगे रहा, इसके बाद संगरूर 7 विद्यार्थियों के साथ दूसरे स्थान पर रहा। लुधियाना, फिरोजपुर और एसएएस नगर से 6-6 विद्यार्थी चयनित हुए। फतेहगढ़ साहिब से 5, अमृतसर और जालंधर से 4-4, बठिंडा और गुरदासपुर से 3-3, फाजिल्का से 2 तथा रूपनगर और होशियारपुर से 1-1 विद्यार्थी जेईई एडवांस्ड पास करने में सफल रहे।
सरकारी स्कूलों के लिए उपलब्धि मील का पत्थर
इस उपलब्धि को सरकारी स्कूल शिक्षा क्षेत्र में एक बड़ा मील का पत्थर बताते हुए हरजोत सिंह बैंस ने कहा कि यह कोई अचानक हुआ चमत्कार नहीं है, बल्कि हम एक साल में 44 से 59 तक पहुंच गए हैं। उन्होंने कहा कि अब गांव का बच्चा भी अगर हिम्मत रखता है तो मुश्किलों को पार कर सकता है और लाखों रुपये की कोचिंग खर्च किए बिना भारत की सबसे कठिन परीक्षा पास कर सकता है। पंजाब शिक्षा क्रांति की यही सच्चाई है जो अब साकार होती दिख रही है। हमारे विद्यार्थी सरकारी स्कूलों में पढ़कर जेईई एडवांस्ड पास कर रहे हैं, एसी कोचिंग सेंटर्स से नहीं। यही असली क्रांति है।
ये भी पढ़ें : Punjab CM News : किसानों की आर्थिक आजादी मेरा उद्देश्य : मान


