पकड़े गए आरोपियों से पुलिस ने करोड़ों रुपए के नशीले पदार्थ किए जब्त
Chandigarh Crime News (आज समाज), चंडीगढ़ : पंजाब को पूरी तरह से नशा व नशा तस्करों से मुक्त बनाने के लिए प्रदेश पुलिस का विशेष अभियान लगातार जारी है। इसी अभियान के तहत प्रदेश पुलिस ने एक ही दिन में प्रदेशभर में छापेमारी करते हुए कुल मिलाकर 92 नशा तस्करों को गिरफ्तार किया और उनके कब्जे से 7.5 किलोग्राम हेरोइन, 500 ग्राम अफीम, 1.70 लाख नशीली गोलियां/कैप्सूल तथा ड्रग मनी बरामद की।
इसके साथ ही मात्र 446 दिनों में गिरफ्तार किए गए कुल नशा तस्करों की संख्या अब 65,010 हो गई है। नशा मुक्ति अभियान के तहत पंजाब पुलिस ने आज 14 व्यक्तियों को नशा छुड़ाने और पुनर्वास उपचार करवाने के लिए भी प्रेरित किया।
अमृतसर में सगे भाई हेरोइन और हथियारों सहित काबू
नशा तस्करों और अपराधियों के खिलाफ चलाए गए अभियान के तहत काउंटर इंटेलिजेंस (सीआई) अमृतसर को उस समय सफलता हाथ लगी जब पुलिस ने दो सगे भाईयों को नशा व हथियार तस्करी के आरोप में काबू किया। पुलिस ने दोनों को उस समय पकड़ा जब वे अपनी बाइक पर सवार होकर नशा व हथियारों की खेप की सप्लाई करने जा रहे थे।
इस दौरान जब पुलिस ने आरोपियों की तलाशी ली तो उनके कब्जे से 5.5 किलो हेरोइन, चार पिस्तौल और 10 जिंदा कारतूस बरामद हुए। गिरफ्तार किए गए व्यक्तियों की पहचान बॉबी सिंह और हरजीत सिंह, दोनों निवासी गांव रोखे, अजनाला (अमृतसर) के रूप में हुई है। इस दौरान पुलिस ने हथियार और नशीले पदार्थों के साथ-साथ उनका हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल भी जब्त कर लिया जिसपर सवार होकर वे नशा तस्करी कर रहे थे।
गैंगस्टरों के खिलाफ भी कार्रवाई जारी
प्रदेश में गैंगस्टरों के खिलाफ की जा रही कार्रवाई के 21वें दिन पुलिस टीमों ने 243 व्यक्तियों को एक हथियार सहित गिरफ्तार किया, जिससे अभियान की शुरूआत से अब तक कुल गिरफ्तारियों की संख्या 30,964 हो गई है।
इसके अलावा 87 व्यक्तियों के खिलाफ एहतियातन कार्रवाई की गई है, जबकि 14 व्यक्तियों को पूछताछ के बाद छोड़ दिया गया।
कार्रवाई के दौरान पुलिस टीमों ने चार भगोड़े अपराधियों (पीओ) को भी गिरफ्तार किया। लोग एंटी-गैंगस्टर हेल्पलाइन नंबर 93946-93946 के माध्यम से गुप्त रूप से वांछित अपराधियों और गैंगस्टरों के बारे में जानकारी दे सकते हैं तथा अपराध और आपराधिक गतिविधियों संबंधी सूचनाएं साझा कर सकते हैं।
ये भी पढ़ें : Punjab Weather Update : पंजाब, चंडीगढ़ में गर्मी और लू ने किया बुरा हाल


