Punjab Breaking News : हिंसक घटनाओं के बीच पंजाब में नगर निकाय चुनाव संपन्न

0
172
Punjab Breaking News : हिंसक घटनाओं के बीच पंजाब में नगर निकाय चुनाव संपन्न
Punjab Breaking News : हिंसक घटनाओं के बीच पंजाब में नगर निकाय चुनाव संपन्न

8 नगर निगमों, 75 नगर कौंसिल और 20 नगर पंचायतों के लिए पड़े वोट, कई जगह हुई हिंसक घटनाएं, गर्मी के चलते महिलाएं हुई बेहोश

Punjab Breaking News  (आज समाज), चंडीगढ़। पंजाब में 8 नगर निगमों, 75 नगर कौंसिल और 20 नगर पंचायतों के लिए मंगलवार को मतदान हुआ। मतदान सुबह 8 बजे से शाम 5 बजे तक चला। इस बार निकाय चुनाव बैलेट से करवाए जा रहे है। चुनाव आयोग के मुताबिक शाम 5 बजे तक सूबे में 61.5 फीसदी मतदान हुआ। अब इन चुनावों का परिणाम 29 मई को घोषित होगा। इन चुनावों को विधानसभा चुनावों का सेमीफाइनल मान कर देखा जा रहा है। चुनाव के दौरान कई जगहों पर हसंक घटनाओं की जानकारी भी मिली। वहीं तेज गर्मी के कारण सुनाम के वार्ड 17 में दो महिला मतदाता मतदान केंद्र में बेहोश हो गई।

पठानकोट में कांग्रेस-भाजपा कार्यकर्ता भिड़े

पठानकोट के आनंदपुर रडा स्थित पोलिंग बूथ नंबर 2 पर कांग्रेस और बीजेपी के कार्यकर्ताओं में हुई झड़प के बाद माहौल तनावपूर्ण हो गया। इसके बाद मौके पर मौजूद पुलिस प्रशासन ने दोनों पक्षों के कार्यकतार्ओं को शांत करवा पुलिस कार्रवाई करने की चेतावनी दे वापस भेज दिया। पोलिंग बूथ में माहौल तनावपूर्ण होने के पीछे का कारण एक बुजुर्ग महिला के साथ उसके परिवार सदस्य के पोलिंग स्टेशन में साथ जाना बना। बीजेपी के कार्यकतार्ओं का आरोप था कि एक व्यक्ति अकेला ही वोट डालने जा सकता है और कांग्रेस अन्य लोगों को साथ भेज मतदान हेरफेर करवाने की कोशिश कर रही है।

दूसरी तरफ कांग्रेस कार्यकर्ताओं का कहना था कि सिर्फ एक बुजुर्ग महिला जिससे चलना भी मुश्किल हो रहा था उसका एक परिवार सदस्य मतदान करने के लिए गया है और उसी बात को बीजेपी कार्यकर्ताओं ने आधार बना उनके वर्करों के साथ झगड़ा शुरू कर दिया है। इस झड़प की वजह से लोगों में अफरा तफरी मच जाने से कुछ समय के लिए मतदान भी प्रभावित हुआ। जबकि भाजपा कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष अश्वनी शर्मा ने कहा कि जिस भी पोलिंग बूथ पर पहुंच रहे हैं भीषण गर्मी के बीच पानी तक का जिला प्रशासन की तरफ से प्रबंध नहीं किए गए।

भाजपा उम्मीदवार के पति को आई चोटें

बरनाला के वार्ड नंबर 15 में चल रहे मतदान के दौरान आम आदमी पार्टी और भाजपा उम्मीदवारों के समर्थकों के बीच झगड़ा हुआ। झड़प के दौरान भाजपा उम्मीदवार दीपइंदर कौर के पति जसवीर सिंह के सिर में गंभीर चोट भी आई। घायल को तुरंत बरनाला के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया।इस मौके पर भाजपा उम्मीदवार के पति जसवीर सिंह ने बताया कि वे 15 नंबर वार्ड से भारतीय जनता पार्टी के टिकट पर चुनाव लड़ रहे हैं। आज उनके वार्ड में सुबह से ही आम आदमी पार्टी से संबंधित बाहरी लोग घूम रहे थे, जिनके बारे में उन्होंने पुलिस प्रशासन को कई बार अवगत कराया, लेकिन उनकी कोई सुनवाई नहीं की गई।

इन बाहरी लोगों द्वारा वार्ड में फर्जी वोट डाले जा रहे थे। जब इसे रोका गया, तो उन्होंने उन पर हमला कर दिया। मेरी पगड़ी उतार दी गई और मेरे सिर पर चोटें पहुंचाई गईं। जबकि चुनाव लड़ रही मेरी पत्नी और अन्य लोगों के साथ भी धक्का-मुक्की की गई।फिरोजपुर के विधानसभा हलका जीरा में मतदान के अंतिम समय सियासी पार्टियों के समर्थक आपस में भिड़े। धक्का मुक्की के चलते पोलिंग बूथ का दरवाजा बंद किया। पुलिस ने मौके पर पहुंच समर्थकों को खदेड़ा।

बूथ कैप्चरिंग के आरोपों के बाद पथराव और लाठीचार्ज

पटियाला के समाना में कई वार्डों में झड़पें हुईं। वार्ड नंबर 15 में बूथ कैप्चरिंग के आरोपों के बाद पथराव और लाठीचार्ज भी हुआ। इस दौरान आम आदमी पार्टी और विरोधी दलों के समर्थक आपस में भिड़ गए। पुलिस पर भी पथराव किया गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा। इससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई और मतदान प्रक्रिया कुछ देर के लिए बाधित हुई।लुधियाना में जगराओं के वार्ड नंबर 1 के मतदान केंद्र पर इन्फ्लुएंसर सुखविंदर पर हमला कर दिया गया, जिसमें उसका कैमरामैन चाकू लगने से घायल हो गया। इस पर कांग्रेस भड़क गई। कांग्रेस नेताओं ने धरना दिया।

  • TAGS
  • [post_tags]