Punjab Weather Update : पंजाब में ठंड से जनजीवन अस्त-व्यस्त

0
447
Punjab Weather Update : पंजाब में ठंड से जनजीवन अस्त-व्यस्त
Punjab Weather Update : पंजाब में ठंड से जनजीवन अस्त-व्यस्त

कोहरा और शीतलहर बढ़ा रही लोगों की परेशानी, अभी ठंड से राहत के नहीं आसार

Punjab Weather Update (आज समाज), चंडीगढ़ : उत्तर भारत इन दिनों शीतलहर और कोहरे की चपेट में है। एक तरफ जहां पहाड़ों में बर्फ के बाद वहां से आने वाली शीत हवाएं मैदानी राज्यों में ठंड का प्रकोप बढ़ा रहीं हैं तो वहीं कोहरा इसे और भी ज्यादा घातक बना रहा है। पहाड़ी राज्यों के साथ सटा होने के चलते इन दिनों पंजाब भीषण ठंड की चपेट में है। यही कारण है कि प्रदेश में तापमान सामान्य से काफी कम दर्ज किया जा रहा है। वहीं धूप का पूरी तरह से न खिलना भी ठंड का प्रकोप बढ़ा रहा है। बढ़ती सर्दी से सामान्य जनजीवन पूरी तरह से प्रभावित हो रहा है और लोग घरों में दुबकने के लिए मजबूर हैं।

प्रदेश के औसत तापमान में 2.1 डिग्री की कमी

रविवार को प्रदेश के दिन के तापमान में औसतन 2.1 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई, जिससे अधिकतम तापमान सामान्य से 4.1 डिग्री नीचे पहुंच गया। अमृतसर में शीत दिवस की स्थिति रही जबकि बेहद घने कोहरे के कारण यहां दृश्यता शून्य रिकॉर्ड की गई। एसबीएस नगर में दृश्यता महज 50 मीटर और गुरदासपुर में 200 मीटर रही।

प्रदेश में अगले दो दिनों तक बेहद घने कोहरे और शीत लहर चलने का आॅरेंज अलर्ट जारी किया है। हालांकि आगामी छह दिनों तक मौसम शुष्क बने रहने का अनुमान है। विभाग के अनुसार अगले 48 घंटों में न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री की और गिरावट हो सकती है। 6.8 डिग्री सेल्सियस के साथ होशियारपुर प्रदेश का सबसे ठंडा जिला रहा। कोहरे के कारण अमृतसर हवाईअड्डे पर कई उड़ानें रद्द रहीं जबकि कुछ उड़ानों को दूसरे शहरों में भेजा गया।

शनिवार को इस तरह रहा था पंजाब का पारा

शनिवार को अमृतसर का न्यूनतम तापमान 7.5 डिग्री, लुधियाना 9.6 डिग्री, पटियाला 8.3 डिग्री, फरीदकोट 7.1 डिग्री, बठिंडा 7.2 डिग्री और गुरदासपुर 8.0 डिग्री दर्ज किया गया। अधिकतम तापमान में मामूली वृद्धि दर्ज की गई, लेकिन यह सामान्य से 3.2 डिग्री नीचे रहा। बठिंडा में अधिकतम तापमान 18.8 डिग्री, अमृतसर 11.1 डिग्री और लुधियाना 16.1 डिग्री रहा। विभाग के अनुसार आने वाले दो दिन और ठंड बढ़ सकती है। मौसम विशेषज्ञों ने कहा है कि अगले छह दिन पंजाब में मौसम शुष्क रहेगा, लेकिन सुबह और रात के समय शीत लहर से तापमान में गिरावट और कोहरे की स्थिति बनी रहेगी।

  • TAGS
  • [post_tags]