मौसम विभाग ने जारी किया सात जुलाई तक का अलर्ट
Punjab Weather (आज समाज), चंडीगढ़ : मानसून पूरे देश को तो कवर कर चुका है लेकिन अभी तक उत्तरी भारत के मैदानी हिस्सों में अच्छी बारिश का इंतजार किया जा रहा है। अच्छी बारिश न होने के चलते वर्तमान में खरीफ की फसल की रोपाई और बिजाई पिछड़ चुकी है। दूसरी तरफ भारतीय मौसम विभाग की चंडीगढ़ शाखा ने जो बुलेटिन जारी किया है उसके अनुसार प्रदेश में रविवार से लेकर आने वाले तीन दिन तक बारिश की संभावना व्यक्त की गई है।
मौसम विभाग के अनुसार अगले चार दिनों तक राज्य के अलग-अलग हिस्सों में गरज-चमक, तेज हवाओं और कई स्थानों पर बारिश की संभावना बनी रहेगी। कुछ जिलों में भारी बारिश को लेकर भी चेतावनी जारी की गई है। मौसम विभाग का कहना है कि बारिश का यह दौर लोगों को उमस और गर्मी से राहत देगा।
Punjab Weather 35 डिग्री से ऊपर है प्रदेश का पारा
पंजाब के ज्यादात्तर जिलों में बारिश की कमी के चलते गर्मी और उमस लोगों को परेशान कर रही है। यही कारण है कि प्रदेश के ज्यादात्तर जिलों में अभी भी तापमान 35 डिग्री के आसपास बना हुआ है। मौसम विभाग के अनुसार अमृतसर 35.9, लुधियाना 35.6, पटियाला 36.4, गुरदासपुर 36.5 (राज्य में सबसे अधिक), एस.बी.एस. नगर (नवांशहर) 35.6, होशियारपुर 35.2, रूपनगर (सलारिया) 34.7, मोहाली 35.6, मोहाली हवाई अड्डा 36.4, पठानकोट कृषि विज्ञान केंद्र 35.5, पठानकोट थेन डैम 33.4 तथा संगरूर में 35.4 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान दर्ज किया गया।
Punjab Weather आज प्रदेश के इन जिलों में बारिश का अलर्ट
अमृतसर, गुरदासपुर, पठानकोट, कपूरथला, जालंधर, होशियारपुर, नवांशहर, रूपनगर, मोहाली, लुधियाना, फतेहगढ़ साहिब, पटियाला और चंडीगढ़ में पीला अलर्ट जारी किया गया है। इन जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश तथा कहीं-कहीं तेज वर्षा की संभावना है। राज्य के दक्षिण-पश्चिमी जिलों में फिलहाल कोई चेतावनी नहीं है।
सोमवार को भी मौसम का यही रुख बना रहेगा। पठानकोट, गुरदासपुर, होशियारपुर, नवांशहर, रूपनगर, मोहाली, लुधियाना, फतेहगढ़ साहिब, पटियाला और चंडीगढ़ में पीला अलर्ट रहेगा। इन इलाकों में तेज हवाओं के साथ बारिश और कुछ स्थानों पर भारी वर्षा हो सकती है।
मंगलवार को मौसम का असर मुख्य रूप से राज्य के उत्तरी और पूर्वी जिलों में रहेगा। पठानकोट, गुरदासपुर, होशियारपुर, नवांशहर, रूपनगर, पटियाला और चंडीगढ़ के लिए पीला अलर्ट जारी किया गया है। इन क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ तेज हवाएं और बारिश की संभावना जताई गई है, जबकि अन्य जिलों में मौसम सामान्य रहने की उम्मीद है।
ये भी पढ़ें : Monsoon Update : मानसून ने पूरे देश को किया कवर


