Amritsar Crime News : पाकिस्तान से आई करीब 215 करोड़ की हेरोइन जब्त

0
300
Amritsar Crime News : पाकिस्तान से आई करीब 215 करोड़ की हेरोइन जब्त
Amritsar Crime News : पाकिस्तान से आई करीब 215 करोड़ की हेरोइन जब्त

अमृतसर ग्रामीण पुलिस ने विलेज डिफेंस कमेटी के सहयोग से हासिल की सफलता, 42.9 किलोग्राम हेरोइन, 4 हैंड ग्रेनेड, एक पिस्तौल बरामद

Amritsar Crime News (आज समाज), अमृतसर : अमृतसर ग्रामीण पुलिस ने विलेज डिफेंस कमेटी (वीडीसी) के सहयोग से बड़ सफलता हासिल करते हुए पाकिस्तान से आई करीब 215 करोड़ रुपए की हेरोइन व हथियार बरामद किए हैं। पुलिस ने जो बरामदगी की है उसमें 42.9 किलोग्राम हेरोइन, चार हैंड ग्रेनेड और एक स्टार-मार्क पिस्तौल सहित 46 जिंदा कारतूस शामिल है। इस बरामदगी के साथ ही अमृतसर पुलिस ने सरहद पार से चल रहे नारको-आतंकवाद नेटवर्क का पर्दाफाश किया है।

डीजीपी पंजाब ने यह जानकारी साझा की

इस संबंधी जानकारी साझा करते हुए पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) पंजाब गौरव यादव ने बताया कि प्रारंभिक जांच से पता चला है कि बरामद की गई नशीली दवाएं, हथियार और विस्फोटक सामग्री अंतरराष्ट्रीय सरहद पार से ड्रोन के माध्यम से भेजी गई थी, जिससे इस खेप में संगठित सरहद पार नारको-आतंकवाद नेटवर्क की संलिप्तता का पता चलता है। डीजीपी ने बताया कि इस उपरांत जांच के दौरान अमृतसर के निवासी दो व्यक्तियों को हिरासत में लिया गया है। फरार मुलिजमों को ट्रेस करने, बरामदगी संबंधी लिंक का पता लगाने और व्यापक साजिश का पर्दाफाश करने के लिए आगे की जांच जारी है।

इस तरह मिली पुलिस को सफलता

इस आॅपरेशन के बारे में जानकारी देते हुए डिप्टी इंस्पेक्टर जनरल आॅफ पुलिस (डीआईजी) बॉर्डर रेंज संदीप गोयल ने बताया कि वीडीसी नेटवर्क के माध्यम से प्राप्त जानकारी पर तुरंत कार्रवाई करते हुए पुलिस टीमों ने गांव ऊठियां में एक मोटरसाइकिल को रोका। उन्होंने बताया कि पुलिस की मौजूदगी का पता लगने पर संदिग्ध व्यक्ति अंधेरे का फायदा उठाते हुए खेप सहित मोटरसाइकिल छोड़कर आसपास के खेतों की ओर भाग गए। उन्होंने बताया कि पुलिस टीमों ने तुरंत आसपास के खेतों में एक योजनाबद्ध तलाशी अभियान चलाया जिसके परिणामस्वरूप नशीले पदार्थों, हथियारों और विस्फोटकों की खेप बरामद हुई।

पकड़े गए आरोपियों से पूछताछ जारी

सीनियर सुपरिंटेंडेंट आॅफ पुलिस (एसएसपी) अमृतसर ग्रामीण सुहेल कासिम मीर ने बताया कि मुलजिमों की पहचान करने और उन्हें काबू करने, अगले-पिछले संबंधों का पता लगाने और पूरे नेटवर्क का पदार्फाश करने के लिए आगे की जांच जारी है। इस संबंध में, एफआईआर नंबर 26 दिनांक 29.01.2026 को थाना राजासांसी, अमृतसर ग्रामीण में एनडीपीएस एक्ट की धारा 21 और 25 तथा विस्फोटक पदार्थ एक्ट की धारा 3, 4 और 5 के तहत दर्ज की गई है।

  • TAGS
  • [post_tags]