पश्चिमी विक्षोभ के असर से पिछले कई दिन जारी रहा बारिश, आंधी का दौर, तापमान सामान्य से 8 डिग्री आया था नीचे
Punjab Weather Update (आज समाज), चंडीगढ़ : पंजाब में पिछले कई राहत में गुजरने के बाद लोगों को एक बार फिर से तेज धूप व गर्मी का सामना करना पड़ेगा। भारतीय मौसम विभाग की चंडीगढ़ शाखा के अनुसार आज यानी रविवार से पंजाब के ज्यादात्तर हिस्सों में धूप खिलेगी। इससे गर्मी में इजाफा होगा और तापमान में भी वृद्धि दर्ज की जाएगी। ज्ञात रहे कि पश्चिमी विक्षोभ के असर के चलते पंजाब में पिछले दिनों तेज आंधी व बारिश का दौर चला था।
इसके साथ ही कई जगहों पर ओलावृष्टि भी देखने को मिली थी। बारिश और कई जगहों पर ओले गिरने के कारण तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। अधिकतम तापमान सामान्य से 8.2 डिग्री सेल्सियस नीचे पहुंच गया है। राज्य में सबसे अधिक तापमान बठिंडा में 35.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
19 तक रहेगी गर्मी, लू से मिलेगी राहत
मौसम विभाग के अनुसार, आद से एक बार फिर गर्मी और उमस बढ़ने की संभावना है। यह स्थिति 19 जून तक बनी रह सकती है। हालांकि इस दौरान लोगों को लू से राहत मिलेगी। गर्मी कम होने से बिजली की खपत कम हुई है। 13 जून को बिजली की डिमांड 11 हजार 498 मेगावाट बनी रही। इस दौरान पंजाब ने 4200 मेगावाट बिजली पैदा की, जबकि 7400 मेगावाट बिजली सेंट्रल पूल से ली।
जून में सामान्य से अधिक बारिश
1 से 13 जून के दौरान राज्य में औसत बाारिश 18.2 मिमी रही, जो सामान्य 14.1 मिमी की तुलना में 29 प्रतिशत अधिक है। एसबीएस नगर में सबसे अधिक 69.1 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। इसके बाद लुधियाना में 60 मिमी और फरीदकोट में 40 मिमी बारिश दर्ज की गई। जबकि तरनतारन में सामान्य से 241 प्रतिशत अधिक बारिश दर्ज की गई, जो ‘लार्ज एक्सेस’ श्रेणी में आती है।
उत्तर भारत में मौसम रहेगा परिवर्तनशील
पिछले कुछ दिनों से उत्तर भारत में पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता के चलते बारिश और तेज आंधी का दौर चला। आंधी ने जहां व्यापक नुकसान पहुंचाया वहीं बारिश से लोगों को गर्मी से राहत मिली। वहीं अब पश्चिमी विक्षोभ का असर खत्म हो चुका है। इसके साथ ही भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) के अनुसार उत्तर भारत में मौसम लगातार परिवर्तनशील रहने की संभावना है। कुछ राज्यों में जहां तेज धूप खिलने से तापमान में वृद्धि दर्ज की जाएगी। वहीं कुछ राज्यों में हल्की व छिटपुट बारिश व तेज हवाओं का दौर भी चलता रहेगा। जिससे तापमान में कमी आएगी और लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी।
ये भी पढ़ें : West Asia Crisis : होर्मुज से गुजरने वाले जहाजों से टैक्स लिया जाएगा : बघाई


