सिजोफ्रेनिया, डिप्रेशन और एंग्जाइटी जैसी बीमारियां कैशलेस योजना के तहत की जा रहीं कवर
Punjab News Update (आज समाज), चंडीगढ़ : पंजाब के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ. बलबीर सिंह ने आज कहा कि वर्तमान में हम सभी बहुत सारी मानसिक परेशानियों से ग्रस्त हैं। इसके चलते हमारा मानसिक स्वास्थ्य बिगड़ रहा है और हम मानसिक बीमारियों की जद में जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार का यह उद्देश्य है कि लोगों को बेहतर मानसिक स्वास्थ्य दिया जाए।
उन्होंने कहा कि यही कारण है कि सिजोफ्रेनिया, डिप्रेशन, बाइपोलर डिसआॅर्डर, एंग्जाइटी डिसआॅर्डर, तनाव से जुड़ी समस्याओं और नशाखोरी से संबंधित मानसिक स्वास्थ्य स्थितियों सहित कई मानसिक रोगों का इलाज प्रदेश सरकार द्वारा चलाई जा रही कैशलेस योजना के तहत कवर की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि सरकारी अस्पतालों में इलेक्ट्रोकन्वल्सिव थेरेपी (ईसीटी), ट्रांसक्रेनियल मैग्नेटिक स्टिमुलेशन जैसी उन्नत इलाज सुविधाएं और आवश्यक जांच विधियां भी स्वीकृत पैकेज के तहत कवर की जाती हैं।
भारत में मानसिक स्वास्थ्य एक गंभीर चुनौती
भारत में मानसिक स्वास्थ्य आज भी एक गंभीर जनस्वास्थ्य चुनौती बना हुआ है। विश्व स्वास्थ्य संगठन और राष्ट्रीय मानसिक स्वास्थ्य सर्वेक्षण (निमहांस, 2016) के अनुसार देश में लगभग 15 से 20 करोड़ लोग डिप्रेशन, एंग्जाइटी और अन्य मानसिक स्वास्थ्य समस्याओं से जूझ रहे हैं। हालाँकि समाज के नकारात्मक दृष्टिकोण, जागरूकता की कमी और खासकर ग्रामीण एवं अर्ध-शहरी क्षेत्रों में मानसिक स्वास्थ्य विशेषज्ञों की कमी के कारण बहुत से लोग अभी भी समय पर इलाज नहीं करवा पाते।
मानसिक रोगों का उपचार संभव
डॉ. बलबीर सिंह ने कहा कि मानसिक स्वास्थ्य को शारीरिक स्वास्थ्य के बराबर प्राथमिकता मिलनी चाहिए। डिप्रेशन, सिजोफ्रेनिया, बाइपोलर डिसआॅर्डर और एंग्जाइटी जैसी बीमारियों का प्रभावी इलाज संभव है, इसलिए लोगों को विशेषज्ञ सहायता लेने में देरी नहीं करनी चाहिए। बढ़ती जागरूकता, सेवाओं की बेहतर उपलब्धता और मुख्यमंत्री सेहत योजना के तहत कैशलेस इलाज की सुविधा के कारण अधिक मरीज बीमारी के शुरूआती चरण में ही इलाज के लिए आगे आ रहे हैं, जिससे रोग की पहचान और इलाज में होने वाली देरी कम हो रही है।


