कहा, 28 करोड़ की लागत से 7.37 करोड़ सैनिटरी पैड वितरित, 13.65 लाख महिलाओं तक पहुंचा लाभ
Punjab News Update (आज समाज), चंडीगढ़ : पंजाब की सामाजिक सुरक्षा, महिला एवं बाल विकास मंत्री डॉ. बलजीत कौर ने बताया कि प्रदेश सरकार का फोकस महिला स्वास्थ्य पर है। अपने इसी कदम के चलते प्रदेश सरकार ने गरीब और जरुरतमंद महिलाओं को मुफ्त सैनिटरी पैड उपलब्ध कराकर उनकी रोजमर्रा की जिंदगी को अधिक सुरक्षित, स्वस्थ और सम्मानजनक बनाया है।
डॉ. बलजीत कौर ने बताया कि चालू वर्ष के दौरान पंजाब सरकार द्वारा लगभग 28 करोड़ की लागत से 7.37 करोड़ से अधिक सैनिटरी पैड मुफ्त वितरित किए गए हैं। उन्होंने कहा कि यह पहल महिलाओं में मासिक धर्म स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ उनकी स्वास्थ्य सुरक्षा को भी मजबूत कर रही है।
महिलाओं का स्वस्थ होना जरूरी
डॉ. कौर ने आगे बताया कि इस योजना के तहत राज्य की 13.65 लाख से अधिक महिलाओं को सीधे लाभ मिला है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण और पिछड़े वर्गों की महिलाओं को न केवल आर्थिक राहत मिली है, बल्कि वे अपनी स्वास्थ्य और स्वच्छता के प्रति अधिक जागरूक हुई हैं, जिससे वे अधिक स्वस्थ और सम्मानजनक जीवन जी रही हैं। डॉ. बलजीत कौर ने आगे बताया कि ह्यनई दिशाह्ण योजना के तहत राज्य के 27,314 आंगनवाड़ी केंद्रों के माध्यम से हर महीने जरूरतमंद महिलाओं को 9 सैनिटरी पैड मुफ्त प्रदान किए जा रहे हैं। इससे यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि महिलाओं को यह आवश्यक सुविधा नियमित और आसानी से मिलती रहे।
सामाजिक धारणाओं को तोड़ने में सहायक सिद्ध हुआ
उन्होंने जोर देकर कहा कि यह पहल मासिक धर्म से जुड़ी झिझक और सामाजिक धारणाओं को तोड़ने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है और महिलाओं तथा किशोरियों को बुनियादी स्वास्थ्य सुविधाओं तक आसान पहुंच सुनिश्चित कर रही है। भविष्य की योजनाओं के बारे में बताते हुए मंत्री ने कहा कि चालू वित्तीय वर्ष के दौरान 14.60 करोड़ रुपए की लागत से 3.68 करोड़ से अधिक सैनिटरी पैड वितरित करने का लक्ष्य रखा गया है, जिससे अधिक संख्या में महिलाओं को इस योजना से जोड़ा जाएगा। डॉ. बलजीत कौर ने कहा कि मान सरकार का मुख्य उद्देश्य है कि हर महिला को स्वस्थ, सुरक्षित और सम्मानजनक जीवन के लिए आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं और कोई भी महिला बुनियादी स्वास्थ्य सुविधाओं से वंचित न रहे।
ये भी पढ़ें : Punjab News : भारत का अग्रणी राज्य बनेगा पंजाब : संजीव अरोड़ा


