Punjab Crime News : आठ पिस्तौल के साथ चार बदमाश गिरफ्तार

0
118
Punjab Crime News : आठ पिस्तौल के साथ चार बदमाश गिरफ्तार
Punjab Crime News : आठ पिस्तौल के साथ चार बदमाश गिरफ्तार

पकड़े गए आरोपियों से 45 कारतूस भी बरामद, गैंगस्टर गोल्डी बराड़ के लिए काम करते थे पकड़े गए आरोपी

Punjab Crime News (आज समाज), जालंधर : पंजाब में गैंगस्टर्स और बदमाशों के खिलाफ चलाई जा रही विशेष मुहिम के तहत सीआईए स्टाफ जालंधर ने उस समय बड़ी सफलता हासिल की जब एक कार में सवार होकर जा रहे चार बदमाशों को पकड़ लिया। पकड़े गए आरोपियों से पंजाब पुलिस ने आठ पिस्तौल और 45 जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि पकड़े गए आरोपी गैंगस्टर गोल्डी बराड़ की गैंग से संबंधित है और वे पिछले काफी समय से उसके लिए काम कर रहे हैं। इस दौरान पुलिस ने सिल्वर रंग की स्विफ्ट कार भी जब्त कर ली है जिसमें सवार होकर वे सभी जा रहे थे।

इस तरह मिली पुलिस को सफलता

पुलिस कमिश्नर धनप्रीत कौर के निर्देश पर सीआईए स्टाफ ने यह कार्रवाई की। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ युवक भारी हथियारों के साथ किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में घूम रहे हैं। इसके बाद कैंट रोड और अर्बन एस्टेट फेज-2 इलाके में नाकाबंदी कर चारों आरोपियों को काबू किया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सुखवंत सिंह उर्फ सुख्खा शेखों, जुगराज सिंह, गुरप्रीत सिंह और नीरज के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार मुख्य आरोपी सुख्खा शेखों पर पहले से 10 आपराधिक मामले दर्ज हैं जबकि अन्य आरोपियों पर भी कई केस चल रहे हैं।

गंभीर वारदातों को अंजाम देते थे आरोपी

प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि वे गोल्डी बराड़ के इशारे पर पंजाब के अलग-अलग जिलों में फायरिंग, हत्या और फिरौती जैसी वारदातों को अंजाम देते थे। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज कर लिया है। सभी आरोपियों को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया जाएगा ताकि इनके नेटवर्क और अन्य साथियों के बारे में पूछताछ की जा सके।

पूरे प्रदेश में की छापेमारी

पूरे राज्य में गैंगस्टरों के साथियों के चिन्हित और मैप किए गए 573 ठिकानों पर छापेमारी की। उल्लेखनीय है कि गैंगस्टरों ते वार पंजाब को गैंगस्टर मुक्त राज्य बनाने के लिए शुरू की गई एक निर्णायक मुहिम है, जिसकी शुरूआत 20 जनवरी, 2026 को पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) पंजाब गौरव यादव ने की थी।

एंटी-गैंगस्टर टास्क फोर्स (एजीटीएफ) पंजाब के समन्वय से सभी जिलों की पुलिस टीमें राज्यभर में विशेष अभियान चला रही हैं। उन्होंने बताया कि 117वें दिन पुलिस टीमों ने तीन हथियारों सहित 279 व्यक्तियों को गिरफ्तार किया, जिसके साथ ही अभियान की शुरूआत से अब तक कुल गिरफ्तारियों की संख्या 29,979 हो गई है।

  • TAGS
  • [post_tags]