नशा तस्करों के खिलाफ प्रदेश पुलिस का विशेष अभियान जारी, पकड़े गए आरोपियों से 510 ग्राम अफीम, 110 किलो भुक्की, 724 नशीली गोलियां/कैप्सूल बरामद
Chandigarh Crime News (आज समाज), चंडीगढ़ : प्रदेश से नशों के पूर्ण उन्मूलन के लिए मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के निदेर्शों पर शुरू की गई मुहिम युद्ध नशों विरुद्ध के 319वें दिन पंजाब पुलिस ने आज 333 स्थानों पर छापेमारी की। इसके परिणामस्वरूप पूरे प्रदेश में 74 एफआईआर दर्ज कर 98 नशा तस्करों को गिरफ्तार किया गया। इसके साथ ही 319 दिनों में गिरफ्तार किए गए कुल नशा तस्करों की संख्या 44,481 हो गई है। इन छापेमारियों के दौरान गिरफ्तार किए गए नशा तस्करों के कब्जे से 5.4 किलो हेरोइन, 510 ग्राम अफीम, 110 किलो भुक्की, 724 नशीली गोलियां/कैप्सूल तथा 4,580 रुपये ड्रग मनी बरामद की गई है।
333 स्थानों पर की छापेमारी
इस अभियान के दौरान 72 गजेटेड अधिकारियों की निगरानी में 1,000 से अधिक पुलिस कर्मियों वाली 120 से अधिक पुलिस टीमों ने राज्यभर में 333 स्थानों पर छापेमारी की। इसके साथ ही दिनभर चले इस अभियान के दौरान पुलिस टीमों ने 342 संदिग्ध व्यक्तियों की भी जांच की। गौरतलब है कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने पुलिस आयुक्तों, उपायुक्तों और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षकों (एसएसपी) को पंजाब को नशा मुक्त राज्य बनाने के निर्देश दिए हैं।
पंजाब सरकार द्वारा नशों के खिलाफ इस युद्ध की निगरानी के लिए वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा की अध्यक्षता में 5 सदस्यीय कैबिनेट सब-कमेटी का गठन भी किया गया है। यह भी उल्लेखनीय है कि पंजाब सरकार ने राज्य से नशों के खात्मे के लिए तीन-स्तरीय रणनीति—इन्फोर्समेंट, डी-एडिक्शन और प्रिवेंशन (ईडीपी) लागू की है। इसी रणनीति के तहत पंजाब पुलिस ने आज 47 व्यक्तियों को नशा छोड़ने तथा पुनर्वास का उपचार लेने के लिए प्रेरित किया है।
गत दिवस इतने नशा तस्कर किए थे काबू
ज्ञात रहे कि अभियान के 318वें दिन भी जारी रखते हुए, पंजाब पुलिस ने 228 स्थानों पर छापेमारी की। इस दौरान राज्य भर में 50 एफआईआर दर्ज कर 68 नशा तस्करों को गिरफ्तार किया गया। इसके साथ ही 318 दिनों में गिरफ्तार किए गए कुल नशा तस्करों की संख्या 44,312 हो गई है। इस छापेमारी के दौरान गिरफ्तार किए गए नशा तस्करों के कब्जे से 2.7 किलोग्राम हेरोइन, 977 नशीली गोलियां/कैप्सूल तथा 32,650 रुपये की ड्रग मनी बरामद की गई है। इस आॅपरेशन के दौरान 45 गजटेड अधिकारियों की निगरानी में 600 से अधिक पुलिस कर्मियों वाली 80 से अधिक पुलिस टीमों ने राज्य भर में 228 छापे मारे। दिनभर चले इस अभियान के दौरान पुलिस टीमों ने 226 संदिग्ध व्यक्तियों की भी जांच की।


