दिनभर चला पंजाब पुलिस का छापेमारी अभियान, 366 जगह की छापेमारी, 151 नशा तस्करों को दबोचा
Punjab Crime News (आज समाज), चंडीगढ़ : पंजाब को पूरी तरह से नशा मुक्त करने और नशा तस्करों की सप्लाई लाइन को ध्वस्त करने के लिए प्रदेश पुलिस का छापेमारी अभियान गत एक मार्च 2025 से जारी है। इसी अभियान को जारी रखते हुए प्रदेश पुलिस ने लगातार 295वें दिन अपना छापेमारी अभियान जारी रखा और दिनभर संदिग्धों की धरपकड़की। इस अभियान के दौरान पंजाब पुलिस ने 366 स्थानों पर छापेमारी की, जिसके परिणामस्वरूप पूरे राज्य में 151 नशा तस्करों को गिरफ्तार करके 122 एफआईआर दर्ज की गईं। इसके साथ ही, 295 दिनों में गिरफ्तार किए गए कुल नशा तस्करों की संख्या 41,207 हो गई है।
इतने नशीले पदार्थ किए गए बरामद
छापेमारी के दौरान गिरफ्तार किए गए नशा तस्करों के कब्जे में से 3.1 किलो हेरोइन, 2454 नशीली गोलियां/कैप्सूल और 18,560 रुपये की ड्रग मनी बरामद हुई है। जिक्रयोग्य है कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने पुलिस कमिश्नरों, डिप्टी कमिश्नरों और सीनियर पुलिस सुपरिंटेंडेंट को पंजाब को नशा मुक्त राज्य बनाने के लिए कहा है। पंजाब सरकार ने नशों के खिलाफ जंग की निगरानी के लिए वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा की अगुवाई में 5 सदस्यीय कैबिनेट सब कमेटी का गठन भी किया है।
120 से अधिक पुलिस टीमों ने लिया भाग
जिक्रयोग्य है कि 70 गजटिड अधिकारियों की निगरानी के तहत 1000 से अधिक पुलिस कर्मियों वाली 120 से अधिक पुलिस टीमों ने राज्य भर में 366 छापे मारे हैं। पुलिस टीमों ने दिन भर चले इस आॅपरेशन के दौरान 364 संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग भी की। राज्य सरकार ने पंजाब में से नशों के खात्मे के लिए तीन-पक्षीय रणनीति – इन्फोर्समेंट, डी-एडिक्शन एंड प्रीवेंशन – लागू की है। पंजाब पुलिस ने नशा मुक्ति के हिस्से के रूप में 9 व्यक्तियों को नशा मुक्ति और पुनर्वास का इलाज करवाने के लिए राजी किया है।


