मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने नशा छोड़ चुके नौजवानों को किया सम्मानित
Punjab CM News (आज समाज), लुधियाना : पंजाब सीएम भगवंत सिंह मान ने एक बार फिर से प्रदेश को नशा मुक्त करने के अपने संकल्प को दोहराते हुए कहा है कि प्रदेश सरकार इस दिशा में प्रभावी कदम उठा रही है। जिस तरह से नशा तस्करी कम करने में सरकार को सफलता मिली है उससे हम यह कह सकते हैं कि पंजाब जल्द ही नशा मुक्त राज्य बन जाएगा।
सीएम मान ने आज अपनी सरकार की युद्ध नशे विरुद्ध मुहिम को अगले पड़ाव पर ले जाते हुए ‘सूरमा’ मुहिम की शुरुआत करने के दौरान यह बातें कही। इस दौरान उन्होंने नशा मुक्त हुए नौजवानों को विशेष तौर पर तैयार की गई ‘सूरमा’ छाप (रिंग) और टी-शर्ट से सम्मानित किया।
नशा छोड़ चुके युवक उम्मीद के नए दूत
इसे सूबे की नशा विरोधी मुहिम का अगला पड़ाव बताते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि इस उपराले का उद्देश्य नशा छोड़ चुके नौजवानों को ‘उम्मीद के दूत’ के रूप में पेश करना है, जो जमीनी स्तर पर नशों के खिलाफ जंग की अगवानी करेंगे। दो साल से अधिक समय से नशा मुक्त रहने वाले व्यक्तियों का सम्मान करते हुए उन्होंने ऐलान किया कि ये नौजवान न सिर्फ दूसरों को नशा छोड़ने के लिए प्रेरित करेंगे, बल्कि राज्य सरकार की ओर से उन्हें रोजगार के मौके भी मुहैया करवाए जाएंगे।
15 जुलाई से प्रदेश में करीब 31 सौ गांवों में जिम चालू होंगे
खेलों को नशों की बीमारी के खिलाफ सबसे कारगर हथियार बताते हुए उन्होंने ऐलान किया कि 15 जुलाई तक पंजाब भर में करीब 3,100 गांवों के खेल मैदान और 3,000 जिम चालू कर दिए जाएंगे ताकि नौजवानों की ऊर्जा को सकारात्मक दिशा में लगाया जा सके। उन्होंने आगे कहा कि राज्य सरकार की ओर से मानक शिक्षा, सभी के लिए स्वास्थ्य सुविधाएं, खेलों के बुनियादी ढांचे और पुनर्वास पर एक साथ ध्यान दिया जा रहा है जो नशा-मुक्त और रंगला पंजाब की नींव रख रहा है।
कुछ मुख्य नुक्ते साझा करते हुए मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने ‘एक्स’ पर लिखा कि आज हमने ‘सूरमा मुहिम’ की शुरूआत की है और उन नौजवानों को सम्मानित किया है जो नशों के चंगुल में से निकलकर नई जिंदगी की शुरूआत कर चुके हैं। दूसरों के लिए रोल मॉडल बने इन प्रेरणादायक नौजवानों को पंजाब सरकार की ओर से रोजगार के मौके भी दिए जाएंगे।
ये भी पढ़ें : Punjab Weather Update : पंजाब में बदला मौसम, बारिश के साथ चली तेज आंधी


