Bhagwant Mann OSD Summoned by CBI: पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान के ऑफिसर ऑन स्पेशल ड्यूटी (OSD) राजबीर सिंह घुम्मन को केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने भ्रष्टाचार और सरकारी प्रभाव के इस्तेमाल से जुड़े मामले में पूछताछ के लिए समन किया है। उन्हें बुधवार दोपहर 2:30 बजे चंडीगढ़ के सेक्टर-30 स्थित CBI कार्यालय में पेश होने को कहा गया है। CBI ने मंगलवार को मुख्यमंत्री भगवंत मान के चंडीगढ़ स्थित कैंप ऑफिस और OSD राजबीर सिंह घुमन से जुड़े कई परिसरों पर तलाशी ली थी। एजेंसी ने पंजाब और चंडीगढ़ में कुल आठ स्थानों पर कार्रवाई की।
सीबीआई ने मंगलवार को जिन जगहों पर छापेमारी की, उनमें चंडीगढ़ का मुख्यमंत्री कैंप ऑफिस, संगरूर के घराचों गांव स्थित घुमन का आवास और मोहाली के फेज-11 में उनके एक रिश्तेदार से जुड़ा परिसर शामिल था। इसके अलावा पटियाला, जालंधर, लुधियाना और गुरदासपुर में भी तलाशी ली गई। सीबीआई के मुताबिक तलाशी के दौरान लैपटॉप, मोबाइल फोन और दस्तावेज जब्त किए गए हैं। एजेंसी इन सामग्री की जांच रिश्वतखोरी और सरकारी कामकाज में अनियमितता से जुड़े संभावित सबूतों के लिए कर रही है।
छह लोगों के खिलाफ दर्ज की FIR
CBI ने हाईकोर्ट के निर्देश के बाद इस मामले में छह लोगों के खिलाफ FIR दर्ज की है। इनमें मुख्यमंत्री के OSD राजबीर सिंह घुमन के अलावा नितिन गोहल, जितिन गोहल उर्फ राजा, रोमी राजा महाजन, बीर देविंदर और आरएस नागरा के नाम शामिल हैं। FIR में कुछ अज्ञात सरकारी और निजी व्यक्तियों का भी जिक्र है। CBI की जांच में आरोपों का केंद्र सरकारी अधिकारियों की पोस्टिंग और ट्रांसफर, विभागीय कार्यवाही, नीतिगत फैसलों, प्रशासनिक मंजूरियों, टेंडर शर्तों, लाइसेंसिंग और जमीन से जुड़े मामलों में प्रभाव का इस्तेमाल है।
HC के आदेश के बाद शुरू हुई CBI जांच
यह पूरा मामला पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट के 5 अक्टूबर 2026 के आदेश के बाद आगे बढ़ा। अदालत ने प्रवर्तन निदेशालय (ED) की ओर से पंजाब पुलिस को भेजी गई जानकारी के आधार पर मामले की निष्पक्ष और पारदर्शी जांच के लिए CBI को FIR दर्ज करने और जांच करने का निर्देश दिया था। हाईकोर्ट ने CBI को दो महीने के भीतर स्टेटस रिपोर्ट दाखिल करने को भी कहा था। अदालत के सामने आरोप थे कि ED की ओर से जानकारी दिए जाने के बावजूद पंजाब पुलिस ने मामले में FIR दर्ज नहीं की। ED की ओर से लगाए गए आरोपों में सरकारी ट्रांसफर और पोस्टिंग में दखल, गोपनीय सरकारी दस्तावेजों तक पहुंच और कुछ सरकारी सुविधाएं दिलाने में प्रभाव के इस्तेमाल जैसी बातें शामिल थीं।
पंजाब सरकार ने सुप्रीम कोर्ट का रुख किया
हाईकोर्ट के CBI जांच के आदेश के खिलाफ पंजाब सरकार ने सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा खटखटाया है। राज्य सरकार ने मामले में स्पेशल लीव पिटीशन (SLP) दाखिल की है। तत्काल सुनवाई की मांग पर अदालत ने संकेत दिया था कि मामले पर बुधवार या गुरुवार को विचार किया जा सकता है। मामले की शुरुआत ED की ओर से पंजाब के DGP को भेजे गए पत्रों से हुई थी। ED ने आरोप लगाया था कि नितिन गोहल सरकारी कामों में इच्छुक लोगों और OSD राजबीर घुमन के बीच मध्यस्थ की भूमिका निभाता था। आरोपों में अधिकारियों के ट्रांसफर-पोस्टिंग, गोपनीय दस्तावेजों तक पहुंच, आर्म्स लाइसेंस और अन्य सरकारी सुविधाओं से जुड़े मामलों में प्रभाव का इस्तेमाल शामिल था।


