Punjab CMO Corruption Case: पंजाब के मुख्यमंत्री कार्यालय (CMO) से जुड़े भ्रष्टाचार और सरकारी फैसलों में अनियमितताओं के मामले में पंजाब एंड हरियाणा हाईकोर्ट ने बड़ा कदम उठाया है। हाईकोर्ट ने मामले की जांच केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) को सौंप दी है। अदालत ने केंद्रीय एजेंसी को मामले की जांच कर दो महीने के भीतर रिपोर्ट पेश करने का निर्देश दिया है। यह कार्रवाई प्रवर्तन निदेशालय (ED) की ओर से पंजाब पुलिस को भेजे गए पत्रों और राज्य पुलिस की ओर से अपेक्षित कार्रवाई नहीं किए जाने के बाद हुई जनहित याचिका की सुनवाई के दौरान हुई।
इस मामले में आरोप ट्रांसफर-पोस्टिंग, सरकारी नीतिगत फैसलों, टेंडर, जमीन के इस्तेमाल में बदलाव (CLU) और हथियार लाइसेंस से जुड़े सरकारी कामों में भ्रष्टाचार से संबंधित हैं। ED ने अपनी जांच के दौरान सामने आए डिजिटल और वित्तीय साक्ष्यों के आधार पर पंजाब पुलिस से FIR दर्ज करने और मामले की जांच करने को कहा था। ED ने पंजाब के DGP को 30 जुलाई और 7 अगस्त 2026 को पत्र भेजे थे। इसके बाद 31 अगस्त को एजेंसी ने तीसरी बार FIR दर्ज करने की मांग दोहराई और पहले शेयर की गई सामग्री के साथ चैट, स्क्रीनशॉट और इलेक्ट्रॉनिक रिकॉर्ड से जुड़े दस्तावेज भी उपलब्ध कराए। ED का कहना था कि उसके पास उपलब्ध सामग्री से संज्ञेय अपराधों की आशंका सामने आती है और FIR दर्ज कर आगे की जांच की जानी चाहिए।
CMO से जुड़े लोगों पर क्या आरोप हैं?
ED की ओर से अदालत में कहा गया कि कुछ निजी व्यक्ति सरकारी अधिकारियों और मुख्यमंत्री कार्यालय से जुड़े लोगों के बीच मध्यस्थ की भूमिका निभा रहे थे। नितिन गोहल नामक व्यक्ति का उल्लेख किया गया है। ED के अनुसार वह सरकारी अधिकारियों के ट्रांसफर-पोस्टिंग और अन्य सरकारी कामों से जुड़े लोगों के बीच संपर्क का काम करता था। जांच एजेंसी ने पंजाब के मुख्यमंत्री के OSD राजबीर घुमन का भी जिक्र किया है। ED ने अदालत में यह भी कहा कि जांच के दौरान सरकारी दस्तावेजों, ट्रांसफर लिस्ट और अन्य संवेदनशील सूचनाओं के लीक या इस्तेमाल किए जाने से संबंधित सामग्री सामने आई। एजेंसी ने CLU और सरकारी मंजूरियों से जुड़े मामलों की भी जांच का हवाला दिया है।
200 पन्नों की रिपोर्ट में क्या सामने आया?
सितंबर में ED ने पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट में करीब 200 पन्नों का जवाब दाखिल किया था। इस जवाब में बड़ी संख्या में WhatsApp चैट और अन्य सामग्री शामिल थी। ED ने इसी आधार पर पंजाब पुलिस से FIR दर्ज करने की मांग दोहराई थी। यह पूरा विवाद एक बड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले की जांच से भी जुड़ा बताया गया है। ED की कार्रवाई उन तलाशी अभियानों के बाद आगे बढ़ी, जिनमें जमीन और चेंज ऑफ लैंड यूज (CLU) से जुड़े लेनदेन की जांच की जा रही थी। इसी जांच के दौरान सरकारी फैसलों और मध्यस्थों की भूमिका से संबंधित जानकारी सामने आई।
कोर्ट में पंजाब सरकार का क्या रुख रहा?
मामले में पंजाब सरकार की ओर से ED के आरोपों और CBI जांच की मांग का विरोध किया गया था। सितंबर में राज्य सरकार की ओर से यह तर्क सामने आया था कि FIR दर्ज करने से पहले ED को ठोस और उपयोगी साक्ष्य उपलब्ध कराने चाहिए। सरकार ने ED की कार्रवाई को राजनीतिक रूप से प्रेरित होने का आरोप भी लगाया था। अब हाईकोर्ट द्वारा जांच CBI को सौंपे जाने से इस मामले में राज्य पुलिस की भूमिका पीछे हो गई है और केंद्रीय एजेंसी को आरोपों की स्वतंत्र जांच करनी होगी। अदालत ने जांच पूरी कर दो महीने के भीतर अपनी रिपोर्ट दाखिल करने का निर्देश दिया है।


