पुलिस के साथ मुठभेड़ में हुआ घायल, पुलिस ने आरोपी से एक पिस्तौल, एक मैगजीन, दो जिंदा कारतूस और चार खाली खोखे भी बरामद किए
Chandigarh Crime News (आज समाज), चंडीगढ़ : पंजाब पुलिस की एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स (एजीटीएफ) ने चंडीगढ़ पुलिस के साथ संयुक्त आॅपरेशन के दौरान पंजाब विश्वविद्यालय, चंडीगढ़ में छात्र नेता जशनप्रीत सिंह जवंड़ा पर हुई गोलीबारी की घटना में शामिल मुख्य शूटर को .32 बोर की देसी पिस्तौल सहित गिरफ्तार कर लिया है। यह जानकारी पुलिस महानिदेशक गौरव यादव ने दी। डीजीपी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी की पहचान जसप्रीत सिंह उर्फ जस निवासी खेड़ी नौध सिंह, कोटला मसूद, फतेहगढ़ साहिब के रूप में हुई है। पिस्तौल के अलावा पुलिस टीमों ने एक मैगजीन, दो जिंदा कारतूस और चार खाली खोखे भी बरामद किए हैं।
बंबीहा गैंग का सक्रिय सदस्य है आरोपी
डीजीपी गौरव यादव ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी डॉनी बल्ल/बंबीहा गैंग का एक अहम सदस्य है। उन्होंने आगे कहा कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह हमला गैंग के इशारे पर किया गया था। डीजीपी ने कहा कि इस मामले के आगे-पीछे के संबंधों को स्थापित करने के लिए आगे की जांच जारी है।
इस तरह मिली पुलिस को सफलता
इस आॅपरेशन के बारे में जानकारी देते हुए अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (एडीजीपी) एजीटीएफ प्रमोद बान ने बताया कि एजीटीएफ पंजाब के इंस्पेक्टर विक्रमजीत सिंह और एसआई अमनदीप सिंह की समर्पित टीम द्वारा एएसआई हरभजन सिंह (जिला क्राइम सेल) और एएसआई प्रदीप सिंह (एजीटीएफ चंडीगढ़) सहित घटना वाले दिन से ही चंडीगढ़, फतेहगढ़ साहिब और अमलोह क्षेत्र में लगातार सुरागों की जांच की जा रही थी। एडीजीपी ने बताया कि आॅपरेशन के दौरान आरोपी को अमलोह-पातड़ा रोड पर रोका गया, जहां उसने पुलिस टीम पर गोलीबारी की। जवाबी कार्रवाई के दौरान आरोपी घायल हो गया और उसे तुरंत इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल भेज दिया गया।
ये भी पढ़ें : Punjab Crime News : जालंधर में 10 पिस्तौल सहित दो तस्कर गिरफ्तार


