कहा, अकाली, भाजपा और कांग्रेस ने पंजाब को नशे की दलदल में धकेला
Punjab Breaking News (आज समाज), मोगा : मोगा में एक रैली को संबोधित करते हुए आम आदमी पार्टी सुप्रीमो अरविंद केजरीवाल ने पंजाब को नशे की दलदल में धकेलने का आरोप लगाते हुए कांग्रेस, शिअद और भाजपा पर जमकर तंज कसा। उन्होंने कहा कि इन पार्टियों ने नीजि स्वार्थ के लिए पंजाब के युवा वर्ग का भविष्य तबाह कर दिया।
मोगा में विलेज डिफेंस कमेटी (वीडीसी) के शपथ ग्रहण समारोह में केजरीवाल और सीएम भगवंत सिंह मान ने सरकार के ‘युद्ध नशे के विरुद्ध’ अभियान के तहत स्पष्ट और सख्त संदेश देते हुए कहा कि जहां शिरोमणि अकाली दल, भाजपा और कांग्रेस ने राज्य को नशों में डुबो दिया, वहीं ‘आप’ की सरकार इस नुकसान की भरपाई के लिए नशों के कारोबार में शामिल हर किसी के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है।
पंजाब में नशा तस्करों पर हो रही कार्रवाई
‘आप’ प्रमुख ने कहा कि पंजाब के इतिहास में पहली बार किसी सरकार ने नशा तस्करों को बचाने की बजाय उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की है। उन्होंने 2,000 किलो से अधिक नशे की बरामदगी, बड़े सौदागरों को जेलों में डालने और उनके महलनुमा घरों पर बुलडोजर चलाने का हवाला देते हुए कहा कि युद्ध नशे के विरुद्ध अभियान के जमीनी स्तर पर सार्थक नतीजे सामने आ रहे हैं। उन्होंने पंजाब के लोगों को सचेत करते हुए कहा कि अगर पिछली सरकारें सत्ता में आईं तो पंजाब को फिर नशों की दलदल में जाने से कोई नहीं बचा सकता।
पंजाब से नशा खत्म करने को वचनबद्ध
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने दोहराया कि आप की सरकार ‘युद्ध नशे के विरुद्ध’ अभियान के तहत पंजाब पर ‘चिट्टे’ के दाग को मिटाने के लिए पूरी तरह वचनबद्ध है। उन्होंने जोर देकर कहा कि सरकार की रणनीति इस अभियान को सख्ती से लागू करने के माध्यम से नशा मुक्त पंजाब सृजित करने की ओर केंद्रित है, जिसमें हर गांव में खेल मैदानों का निर्माण और युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए रोजगार के अवसर सृजित करना शामिल है।
आप के दोनों वरिष्ठ नेताओं ने नशा विरोधी अभियान को पंजाब के शासन में एक निर्णायक पड़ाव घोषित करते हुए इसे कानून लागू करने वाला मिशन और प्रदेश भर में लोगों का विश्वास जीतने तथा युवाओं के लिए रोजगार के अवसर पैदा करने की ओर निर्देशित एक व्यापक प्रयास करार दिया।
ये भी पढ़ें : Punjab CM Health News : पंजाब सीएम की दोबारा बिगड़ी तबीयत


