Chandigarh Crime News : एक ही दिन में पुलिस के हत्थे चढ़े 97 नशा तस्कर

0
272
Chandigarh Crime News : एक ही दिन में पुलिस के हत्थे चढ़े 97 नशा तस्कर
Chandigarh Crime News : एक ही दिन में पुलिस के हत्थे चढ़े 97 नशा तस्कर

पकड़े गए आरोपियों से पुलिस ने बरामद की 12.8 किलो हेरोइन, 3667 नशे की गोलियां व ड्रग मनी

Chandigarh Crime News (आज समाज), चंडीगढ़ : प्रदेश में चलाए जा रहे युद्ध नशों विरुद्ध अभियान के 297वें दिन पंजाब पुलिस ने 321 स्थानों पर छापेमारी की, जिसके बाद पूरे प्रदेश में 74 एफआईआर दर्ज करके 97 नशा तस्करों को गिरफ्तार किया गया। इससे 297 दिनों में गिरफ्तार किए गए कुल नशा तस्करों की संख्या 41,449 हो गई है। छापों के परिणाम स्वरूप गिरफ्तार किए गए नशा तस्करों के कब्जे से 12.8 किलोग्राम हेरोइन, 3667 नशीली गोलियां/कैप्सूल तथा 30,080 रुपये की ड्रग मनी बरामद की गई है।

पांच सदस्यीय सब कमेटी कर रही निगरानी

जिक्रयोग्य है कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने पुलिस कमिश्नरों, डिप्टी कमिश्नरों तथा एसएसपी को पंजाब को नशा मुक्त प्रदेश बनाने के आदेश दिए हैं। पंजाब सरकार द्वारा नशों के विरुद्ध जंग की निगरानी के लिए वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा की अगुवाई में 5 सदस्यीय कैबिनेट सब कमेटी भी गठित की गई है। इस आॅपरेशन के दौरान 62 गजटिड अधिकारियों की निगरानी में 1000 से अधिक पुलिस कर्मियों वाली 120 से ज्यादा पुलिस टीमों ने राज्य भर में 321 स्थानों पर छापे मारे हैं। उन्होंने आगे बताया कि दिन भर चले इस आॅपरेशन के दौरान पुलिस टीमों ने 315 संदिग्ध व्यक्तियों की जांच भी की है।

पाकिस्तान से आई हेरोइन की खेप बरामद

एंटी-नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) बॉर्डर रेंज द्वारा बड़ी और अहम सफलता हासिल करते हुए सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के तालमेल से गांव डालेके, लोपोके, अमृतसर के निकट से लगभग 12.050 किलोग्राम हेरोइन बरामद की गई है। यह जानकारी डायरेक्टर जनरल आॅफ पुलिस (डीजीपी) पंजाब गौरव यादव ने बताया किपहचाने गए संवेदनशील स्थानों की नियमित गश्त के दौरान, डालेके गांव के क्षेत्र के निकट खेतों में ड्रोन की मौजूदगी के बारे में सूचना मिली।

उन्होंने बताया कि इस सूचना पर तुरंत कार्रवाई करते हुए एसपी गुरप्रीत सिंह की निगरानी में एएनटीएफ की संयुक्त टीमों ने संदिग्ध स्थान की योजनाबद्ध तलाशी ली। उन्होंने बताया कि इस दौरान, गांव डालेके के निकट खेतों से हेरोइन की एक खेप बरामद की गई। बरामद नशीले पदार्थ का कुल वजन, जिसमें पैकेजिंग सामग्री भी शामिल है, 12.050 किलोग्राम पाया गया।

पुलिस कर रही मामले की जांच

अधिक विवरण साझा करते हुए, एसपी एएनटीएफ गुरप्रीत सिंह ने बताया कि तकनीकी सबूतों और खुफिया मानवीय जानकारी के आधार पर इस मामले के आगे-पीछे के संबंधों का पता लगाने के लिए प्रारंभिक जांच जारी है। उन्होंने बताया कि संदिग्ध व्यक्तियों, जिनके द्वारा संभावित रूप से यह खेप प्राप्त की जानी थी, की पहचान कर ली गई है और उन्हें पकड़ने के लिए छापेमारी की जा रही है।

  • TAGS
  • [post_tags]