मोगा नशा मुक्ति केंद्र का मामला, बुधवार शाम को किया केंद्र के स्टाफ पर हमला
Punjab Crime News (आज समाज), मोगा : मोगा के थाना कोट इसे खां के अंतर्गत आने वाले गांव जनेर के सरकारी नशा मुक्ति केंद्र में बुधवार को बड़ी घटना सामने आई। यहां पर उपचाराधीन नशा पीड़ितों ने केंद्र के स्टाफ और गार्ड पर अचानक हमला कर दिया। इसके बाद उन्होंने सुरक्षा कर्मियों से मेन गेट की चाबियां छीन ली और ताला तोड़कर करीब 30 मरीज फरार हो गए। इसके बाद केंद्र के स्टाफ ने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। जानकारी के अुनसार इस केंद्र में कुल 95 मरीज दाखिल थे।
मामले की जांच में जुटी पुलिस
गांव जनेर स्थित सरकारी नशा मुक्ति केंद्र से बुधवार शाम 7.30 बजे करीब 28 से 30 मरीज स्टाफ के साथ बदसलूकी और धक्का-मुक्की करने के बाद गेट के ताला तोड़ कर फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और मामले की तफ्तीश में जुट गई है। जानकारी के अनुसार, सेंटर में उपचाराधीन मरीजों की किसी बात को लेकर वहां तैनात स्टाफ सदस्यों के साथ तीखी बहस हो गई। बहस इतनी बढ़ गई कि मरीजों ने स्टाफ के साथ धक्का-मुक्की शुरू कर दी और उन्हें पीछे धकेलते हुए गेट के ताला तोड़ कर मुख्य गेट से बाहर भाग निकले। बताया जा रहा है कि इस सरकारी नशा मुक्ति केंद्र में कुल 95 मरीज अपना इलाज करवा रहे थे।
सीसीटीवी में कैद हुई वारदात
सारी वारदात सेंटर में लगे सीसीटीवी में कैद हो गई है। सूचना मिलते ही कोट इसे खां थाने की पुलिस और उच्चाधिकारी तुरंत मौके पर पहुंचे। पुलिस ने फरार हुए युवकों की तलाश के लिए आसपास के इलाकों और उनके घरों पर नजर रखनी शुरू कर दी है। सेंटर के आसपास लगे कैमरों को चेक किया जा रहा है ताकि यह पता चल सके कि मरीज किस दिशा में भागे हैं।
युद्ध नशे विरुद्ध अभियान जारी
इस दौरान पंजाब पुलिस ने नशों के खिलाफ अपनी मुहिम युद्ध नशों विरुद्ध के 445वें दिन भी अभियान जारी रखते हुए 68 नशा तस्करों को गिरफ्तार किया और उनके कब्जे से 14.8 किलोग्राम हेरोइन, 12 किलोग्राम आईसीई (मेथामफेटामाइन), 873 नशीली गोलियां/कैप्सूल तथा 2,900 रुपये की ड्रग मनी बरामद की गई। इसके साथ ही पिछले 445 दिनों में गिरफ्तार किए गए कुल नशा तस्करों की संख्या बढ़कर 64,844 हो गई है।


