नई दिल्ली. शादी में शामिल होने गए एक परिवार में मातम पसर गया. पंजाब के फाजिल्का से एक बेहद दर्दनाक खबर सामने आई है. यहां सड़क हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई. मरने वालों में तीन छोटे बच्चे भी शामिल हैं. हादसे में नौ अन्य लोग घायल हुए हैं. यह दुर्घटना गांव थेह कलंदर के पास हुई, जहां एक एसयूवी और पिकअप वैन की आमने-सामने टक्कर हो गई. टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों वाहनों में सवार लोगों को संभलने का मौका तक नहीं मिला. मृतकों में एक साल का मासूम भी शामिल है.
पंजाब के फाजिल्का में एक सड़क हादसे ने शादी के माहौल को गम में बदल दिया. एक सड़क हादसे ने 5 लोगों की जान ले ली. सभी फाजिल्का के गांव करनी खेड़ी के रहने वाले थे. परिवार के लोग जलालाबाद के गांव तिवाना कलां में एक शादी समारोह में शामिल होने गए थे. शादी में शामिल होने के बाद सभी एसयूवी से अपने घर लौट रहे थे. इसी दौरान गांव थेह कलंदर के पास सामने से आ रही पिकअप वैन से उनकी गाड़ी की टक्कर हो गई. बताया जा रहा है कि पिकअप वैन जलालाबाद की तरफ से आ रही थी. दोनों वाहनों की सीधी भिड़ंत में पांच लोगों की जान चली गई. इनमें तीन बच्चे और दो अन्य लोग शामिल हैं.
हादसे में 9 लोग घायल, अस्पताल में भर्ती
दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची. स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को एंबुलेंस के जरिए फाजिल्का के सिविल अस्पताल पहुंचाया गया. सभी नौ घायलों का अस्पताल में इलाज चल रहा है. पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की जांच शुरू कर दी है. हादसे की खबर फैलते ही आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई.
अस्पताल पहुंचे विधायक नरेंद्र पाल सिंह सवना
हादसे की जानकारी मिलने के बाद फाजिल्का के विधायक नरेंद्र पाल सिंह सवना भी सिविल अस्पताल पहुंचे. उन्होंने घायलों से मुलाकात की और उनका हाल जाना. फाजिल्का के एसपी सतेंद्र सिंह ने हादसे की पुष्टि की है. पुलिस दुर्घटना से जुड़ी जानकारी जुटा रही है और आगे की कार्रवाई कर रही है. शादी समारोह में शामिल होकर घर लौट रहा परिवार इस हादसे का शिकार हो गया.


