Punjab News: पंजाब में दुष्कर्म के एक मामले को कथित तौर पर रफा-दफा करने के लिए पांच करोड़ रुपये की रिश्वत मांगने के मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने शनिवार को बड़ी कार्रवाई की है। ईडी ने पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान के साढू अमरदीप सिंह ग्रेवाल को दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर हिरासत में लिया है।
ईडी मुख्यालय ले जाए गए
ग्रेवाल के खिलाफ लुकआउट नोटिस जारी होने के बाद उन्हें पूछताछ के लिए ईडी मुख्यालय ले जाया गया। उनका संबंध ईस्ट सनशाइन प्रोडक्शन प्राइवेट लिमिटेड से भी बताया जा रहा है। हालांकि, इस मामले में ईडी की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
ईडी के समन पर पेश नहीं हुए
इससे पहले भी ED ने ग्रेवाल को पूछताछ के लिए बुलाया था, लेकिन वह एजेंसी के सामने पेश नहीं हुए। इसके बाद उनके खिलाफ एक ‘लुक-आउट सर्कुलर’ (LOC) जारी किया गया, जिसके चलते शनिवार को उन्हें दिल्ली हवाई अड्डे पर रोक लिया गया।
मोहाली में दर्ज हुआ था मामला
मामले की शुरुआत गुरविंदर सिंह उर्फ गुरी चहल के खिलाफ दर्ज प्राथमिकी से हुई थी। एक 26 वर्षीय महिला की शिकायत पर मोहाली के सोहाना थाने में एक मई को दुष्कर्म, ब्लैकमेल और धमकी देने समेत गंभीर धाराओं में केस दर्ज किया गया था।


