Punjab News: नशे के खिलाफ लड़ने वाले परविंदर सिंह झोटा को सम्मान, स्वर्ण मंदिर में लगेगी तस्वीर, SGPC करेगा परिवार की मदद

0
78

Punjab News: पंजाब में नशे के खिलाफ लड़ाई लड़ने वाले परविंदर सिंह झोटा की तस्वीर स्वर्ण मंदिर के सिख संग्रहालय में लगेगी। शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक समिति (SGPC) के अध्यक्ष हरजिंदर सिंह धामी ने शनिवार को यह जानकारी दी। नशे के खिलाफ अभियान चलाने वाले झोटा की 13 अक्तूबर को एक मेडिकल स्टोर के मालिक ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। हालांकि, अगले दिन ही आरोपी अश्विन को पंजाब और राजस्थान पुलिस ने एक संयुक्त अभियान में राजस्थान के सालासर से गिरफ्तार कर लिया गया।

SGPC अध्यक्ष परिजनों से मिले

एसजीपीसी के अध्यक्ष धामी ने शुक्रवार को झोटा के परिजनों से मुलाकात की। उन्होंने कहा कि झोटा की तस्वीर स्वर्ण मंदिर के सिख संग्रहालय में लगाने की पहल झोटा के नशे के खिलाफ संघर्ष और पंजाब के युवाओं को नशे से बचाने की संकल्प की याद दिलाएगी। धामी ने झोटा के परिवार को इस मुश्किल समय में SGPC की ओर से हरसंभव सहयोग देने का आश्वासन दिया।

पीड़ितों का साथ देना हमारा कर्तव्य

धामी ने कहा, ”झोटा की तस्वीर श्री हरमंदिर साहिब परिसर स्थित केंद्रीय सिख संग्रहालय में लगाई जाएगी। नशे के खिलाफ अभियानों में योगदान देने वाले युवाओं के साहस और समर्पण को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता।” उन्होंने कहा, ”ऐसी परिस्थितियों में पीड़ित परिवारों के साथ खड़ा होना सिख संस्थाओं का कर्तव्य है। वे अकेले नहीं हैं।”

बलिदान हमेशा याद रखेगा समुदाय

धामी ने एक बयान में कहा कि पंजाब के युवाओं को नशे की लत से बचाने के लिए संघर्ष करते हुए जान गंवाने वाले झोटा के बलिदान को सिख समुदाय हमेशा याद रखेगा। SGPC अध्यक्ष ने कहा कि झोटा ने नशे के खिलाफ और युवा पीढ़ी को इसकी लत से बचाने के लिए जो अभियान शुरू किया था, उसे आगे बढ़ाना आज समय की सबसे बड़ी जरूरत है।

घायलोंं का भी लिया हाल

SGPC अध्यक्ष ने झोटा के साथ घायल हुए चार लोगों के स्वास्थ्य के बारे में भी जानकारी ली और उनमें से प्रत्येक को पांच-पांच लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की। इससे पहले शुक्रवार को अकाल तख्त के जत्थेदार ज्ञानी कुलदीप सिंह गड़गज ने झोटा को सिख समुदाय के शहीद का दर्जा दिया था।

  • TAGS
  • [post_tags]