Haryana News: हरियाणा में लुटेरी दुल्हनों के गिरोह ने आतंक मचा रखा है। हर दिन थाने में इस तरह के मामले आ रहे हैं। हालात इतने खराब हो गए हैं कि लोगों को जागरूक करने के लिए सिरसा पुलिस को एडवाइजरी जारी करनी पड़ी है। पुलिस ने लोगों को ऐसे गिरोहों से सतर्क रहने की सलाह देते हुए कहा है कि किसी भी बिचौलिए पर भरोसे करने के बजाय खुद अच्छी तरह जांच-पड़ताल करने के बाद ही शादी के लिए हां करें।
धोखाधड़ी करने वाला गिरोह सक्रिय
दरअसल, इन दिनों हरियाणा, पंजाब और राजस्थान में शादी के नाम पर धोखाधड़ी करने वाले गिरोह सक्रिय हैं, जो भोले-भाले लोगों को अपने जाल में फंसाकर लाखों रुपये की चपत लगा रहे हैं। शादी के लिए रिश्ता तलाश रहे लोगों को अब पहले से ज्यादा सावधान रहने की जरूरत है।
कुंवारे लड़कों को बना रहे निशाना
एसपी दीपक सहारन ने एडवाजरी में बताया है कि गिरोह के सदस्य गांवों में बिचौलियों के रूप में सक्रिय होकर व्हाट्सएप ग्रुप के माध्यम से कुंवारे युवकों का बायोडाटा जुटाते हैं। इसके बाद शादी करवाने के नाम पर दो से पांच लाख रुपये तक की मांग की जाती है। शादी होने के कुछ दिन बाद कथित दुल्हन सोने के गहने, महंगे मोबाइल, कपड़े और अन्य सामान की मांग करने लगती है। बाद में मायके जाने का बहाना बनाकर नकदी और कीमती सामान लेकर फरार हो जाती है।
मैट्रिमोनियल साइट पर भी फर्जीवाड़ा
उन्होंने बताया कि ऑनलाइन रिश्ते तलाशने वालों को भी सतर्क रहने की जरूरत है। साइबर ठग मैट्रिमोनियल साइटों और सोशल मीडिया पर फर्जी प्रोफाइल बनाकर लोगों से संपर्क करते हैं। कई बार वे खुद को आईएएस, आईपीएस, सीबीआई अधिकारी, प्रोफेसर या किसी बड़े पद पर कार्यरत बताकर सामने वाले का विश्वास जीतते हैं। इसके बाद भावनात्मक संबंध बनाकर रुपये मांगने लगते हैं। कभी आपात स्थिति, महंगे उपहार, यात्रा या अन्य बहानों से पैसे ऐंठे लेते हैं।
इन बातों का रखें ध्यान
एडवाइजरी में बताया गया है कि रिश्ता तय करने से पहले संबंधित व्यक्ति और उसके परिवार की पहचान, स्थायी पते तथा उपलब्ध दस्तावेजों का सत्यापन जरूर करें। अनजान बिचौलियों को बिना पुष्टि रकम न दें। व्हाट्सएप चैट, फोटो, मोबाइल नंबर और भुगतान से जुड़े साक्ष्य सुरक्षित रखें।
ठगे जाने पर सूचना दें
अगर शादी के नाम पर धोखाधड़ी हो जाती है, तो डायल 112 या साइबर हेल्पलाइन 1930 पर सूचना दें। ऑनलाइन शिकायत के लिए www.cybercrime.gov.in पर भी संपर्क किया जा सकता है।


