UP News: लखनऊ स्थित हजरतगंज के अवधग्रीन अपार्टमेंट में होटल कारोबारी शिवा शर्मा की संदिग्ध हालात में मौत के मामले में एक बड़ा मोड़ सामने आया है। जांच में पता चला है कि साल 2025 में किसान बाजार के एक कैफे में हिस्ट्रीशीटर ऋषभ राय और उसके साथियों ने शिवा से एक लाख रुपये की रंगदारी मांगी थी। शिवा का मां ने इस मामले की एफआईआर विभूतिखंड थानें में दर्ज कराई थी।
आरोपियों के नेपाल भागने का शक
शिवा की संदिग्ध मौत के मामले में पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है, लेकिन आशंका जताई जा रही है कि शिवा की गर्लफ्रेंड श्रद्धा दुबे सहित सभी आरोपी नेपाल भाग गए हैं।
वायरल ऑडियो ने खोली पोल
जांच के दौरान पुलिस को एक वायरल ऑडियो हाथ लगी है, जिसमें शिवा को दो दिनों के अंदर एक लाख रुपये न देने पर अंजाम भुगतने की चेतावनी दी जा रही है। शिवा की मां रंजना शर्मा ने 12 अगस्त, 2025 को हिस्ट्रीशीटर ऋषभ राय के खिलाफ विभूतिखंड थाने में रंगदारी मांगने की शिकायत दर्ज कराई थी।
जांच की रफ्तार हुई तेज
कारोबारी शिवा शर्मा की मौत का मामला अब सिर्फ एक मर्डर केस नहीं रह गया है। यह हाई-प्रोफाइल केस रसूख, ब्लैकमेलिंग और एक बड़े सिंडिकेट का खतरनाक कॉकटेल साबित हो रहा है। मामले में हजरतगंज पुलिस ने अपनी जांच की रफ्तार तेज कर दी है। सोमवार को पुलिस टीमों ने मुख्य आरोपी मॉडल श्रद्धा दुबे, ड्राइवर आमिर और दानिश के ठिकानों पर ताबड़तोड़ दबिश दी।
मददगार भी रडार पर
पुलिस की रडार पर अब वे मददगार भी हैं जिन्होंने वारदात के बाद आरोपियों को पनाह दी या भागने में मदद की। पुलिस को अंदेशा है कि घटना के बाद मेडिकल कॉलेज से निकलते ही आरोपियों ने आपस में संपर्क साधा और एक सोची-समझी साजिश के तहत शहर से फरार हो गए।


