Haryana News: हरियाणा में नशा तस्करों के खिलाफ ताबड़तोड़ कार्रवाई, तस्कर की 8 लाख की संपत्ति फ्रीज

0
24
हरियाणा में नशीली पदार्थों की तस्करी से संपत्ति अर्जित करने वालों के खिलाफ पुलिस ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। इसी कड़ी में डिंग थाना पुलिस ने फतेहाबाद जिले के भूना निवासी गेजा सिंह पुत्र पाला राम की करीब 7 लाख 15 हजार रुपये की चल-अचल संपत्ति फ्रीज करवाने की कार्रवाई की है।

Haryana News: हरियाणा में नशीली पदार्थों की तस्करी से संपत्ति अर्जित करने वालों के खिलाफ पुलिस ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। इसी कड़ी में डिंग थाना पुलिस ने फतेहाबाद जिले के भूना निवासी गेजा सिंह पुत्र पाला राम की करीब 7 लाख 15 हजार रुपये की चल-अचल संपत्ति फ्रीज करवाने की कार्रवाई की है। इस संपत्ति में 6 मरले का प्लाट, दो कारें और एक बाइक शामिल हैं। पुलिस के मुताबिक, आरोपी लंबे समय से नशा तस्करी में संलिप्त रहा है और इसी अवैध धंधे से संपत्ति अर्जित करने के आरोप हैं।

संपत्तियों को फ्रीज करने का आदेश

फतेहाबाद के एसपी दीपक सहारन ने बताया कि डिंग थाना पुलिस ने आरोपी की संपत्ति का पूरा ब्यौरा जुटाकर सक्षम प्राधिकारी एवं राजस्व विभाग, दिल्ली को भेजा था। इसके बाद मादक पदार्थ अधिनियम, 1985 की धारा 68एफ(2) के तहत आरोपी और उसके परिवार के सदस्यों के नाम दर्ज संपत्तियों को फ्रीज करने के आदेश जारी हुए हैं। संबंधित विभागों को नोटिस भेज दिए गए हैं। अब आरोपी इन संपत्तियों को बेचने या हस्तांतरित करने में सक्षम नहीं होगा।

तस्करी के 3 मामलों में शामिल

एसपी ने बताया कि गेजा सिंह के खिलाफ वर्ष 2020 में भूना थाना में 18 किलो 200 ग्राम गांजा तस्करी का मामला दर्ज हुआ था। इसके बाद वर्ष 2025 में बरवाला थाना में 39 किलो 430 ग्राम गांजा तस्करी और डिंग थाना में 21 किलो गांजा तस्करी का मामला दर्ज हुआ।

तस्करों को बख्शा नहीं जाएगा

दीपक सहारन ने कहा कि युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने वाले नशा तस्करों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस ऐसे लोगों की अवैध संपत्तियों का ब्यौरा जुटा रही है, ताकि नशे की काली कमाई पर भी कानून का शिकंजा कसा जा सके। नशे के कारोबार पर लगाम लगाने और युवाओं को इस जहर से बचाने के लिए सिरसा पुलिस की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।