Haryana News: रोहतक जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। जिले के बहुअकबरपुर गांव में शुक्रवार रात घरेलू कलह में सीआरपीएफ के एक जवान ने अपनी पत्नी की चाकू से गोदकर हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी पति मौके से फरार हो गया।
मृतका को पॉस्टमॉर्टम के लिए भेजा
सूचना मिलने पर पुलिस और एफएसएल की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवा दिया है और आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। साथ ही पुलिस वारदात के पीछे के कारणों का भी पता लगा रही है।
दो दिन पहले ड्यूटी से लौटा घर
मृतका की पहचान गांव बहुअकबरपुर निवासी 36 वर्षीय मनीषा पत्नी सोमबीर के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि सोमबीर सीआरपीएफ में कार्यरत है और उसकी तैनाती मणिपुर में है। वह दो दिन पहले ही छुट्टी लेकर अपने गांव आया था। बीती देर रात किसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच कहासुनी हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि गुस्साए सोमबीर ने पत्नी मनीषा पर चाकू से एक के बाद एक कई वार कर दिए।
वारदात के बाद पति फरार
गंभीर रूप से घायल मनीषा लहूलुहान होकर गिर पड़ी, जबकि आरोपी मौके से फरार हो गया। वारदात का पता चलने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और घायल मनीषा को संभाला। उसे इलाज के लिए अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन उसने रास्ते में ही दम तोड़ दिया।
मामले की जांच जारी
घटना की सूचना मिलते ही बहुअकबरपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। एफएसएल टीम को भी बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से साक्ष्य एकत्रित किए। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। बहुअकबरपुर थाना प्रभारी जसबीर सिंह ने बताया कि महिला के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस आरोपी पति की तलाश कर रही है।


