
मंगलवार और बुधवार की दरमियानी रात करीब एक बजे हुआ हादसा
Himachal Accident News (आज समाज), सिरमौर : हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले के रेणुकाजी क्षेत्र में एक दर्दनाक हादसे में चार लोगों की मौत हो गई। जबकि 9 लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। यह हादसा मंगलवार आधी रात के बाद संगड़ाह-पलार सड़क पर हुआ। दरअसल जगदीश शर्मा का मंगलवार को हार्ट अटैक से निधन हो गया था।
परिजन व कुछ अन्य लोग उनकी पार्थिव देह लेकर वापस गांव लौट रहे थे। ये सभी लोग एक बोलेरो कैंपर में सवार थे जोकि दुर्घटनाग्रस्त हो गई। इस हादसे में 4 लोगों की मौत हो गई, जबकि 9 लोग घायल हुए हैं। सभी घायलों को संगड़ाह अस्पताल लाया गया। इनमें गंभीर रूप से घायल 3 लोगों को नाहन मेडिकल कॉलेज और 1 को पीजीआई चंडीगढ़ रेफर किया गया है।
इस तरह हुआ हादसा
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, बोलेरो कैंपर गाड़ी में कुल 9 लोग सवार थे। रात करीब पौने एक बजे उनकी गाड़ी गतलोग के समीप अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। इसके बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। इसे सुनकर आसपास के लोग घटना स्थल पर पहुंचे और पुलिस को हादसे की सूचना दी। स्थानीय लोग पुलिस के साथ रात एक बजे राहत एवं बचाव कार्य में जुट गए। पहले घायलों को सड़क तक पहुंचाया गया। यहां से एंबुलेंस में घायलों को अस्पताल पहुंचाया। इसके बाद चारों मृतकों के शवों को खाई से निकाला गया।
हादसे में इनकी मौत
इस हादसे में हादसे में राजेंद्र (37), देसराज (23), रिखी राम (58) और राम गोपाल (62) की मौत हो गई, जबकि बृज मोहन, कृपा राम, देवेंद्र सिंह, सुनील शर्मा, राम स्वरूप, जय प्रकाश, संदीप, कमलेंद्र और कपिल (ड्राइवर) घायल हुए हैं।

