Himachal News: शिमला जिले के धामी गांव में सोमवार को ‘पत्थर का खेल’ परंपरा निभाई गई। इस दौरान दो पारंपरिक गुटों के बीच करीब 20 मिनट तक पत्थरबाजी का खेल चला। दोनों ओर से एक-दूसरे पर पत्थर फेंके गए। इसी बीच जमोगी गुट के महेश वर्मा को पत्थर लग गया और उनकी आंख के पास चोट आई। घाव से खून निकलते ही खेल रोक दिया गया। इसके बाद परंपरा के अनुसार महेश वर्मा के रक्त से मंदिर में मां भद्रकाली को तिलक लगाया गया। मेले में इस अनूठी परंपरा को देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंचे।
‘नरबलि’ का विकल्प है परंपरा
दीवाली के अगले दिन हर साल मनाए जाने वाले लगभग 400 साल पुराने रिवाज में ग्रामीणों के दो समूह एक-दूसरे पर पत्थर फेंकते हैं। यह तब तक चलता है जब तक कि किसी प्रतिभागी को हल्की चोट न लग जाए। इसके बाद, घायल व्यक्ति के खून की कुछ बूंदें देवी भद्रकाली को अर्पित की जाती हैं। माना जाता है कि यह परंपरा ‘नरबलि’ के विकल्प के रूप में शुरू हुई थी। सदियों पहले, देवी-देवताओं को प्रसन्न करने और बीमारियों, प्राकृतिक आपदाओं व अन्य विपत्तियों से सुरक्षा पाने के लिए नरबलि दी जाती थी।
#WATCH | Shimla, Himachal Pradesh: A large number of people gathered in Dhami village to witness the traditional Stone-Pelting Fair, locally known as ‘Patthar Ka Khel’.
Celebrated every year on the day after Diwali, the nearly 400-year-old ritual involves two groups of villagers throwing stones at each other until a participant sustains a minor injury. A few drops of the injured participant’s blood are then offered to Goddess Bhadrakali.
The tradition is believed to have originated as an alternative to human sacrifice, which was practised centuries ago to appease the deity and seek protection from diseases, natural calamities and other misfortunes.
— ANI (@ANI) November 9, 2026
महेश वर्मा को लगा पत्थर
राजपरिवार के सदस्य जगदीश सिंह ने बताया कि इस बार जमोगी गुट के महेश वर्मा को पत्थर लगा है। उनकी आंख के पास हल्की चोट आई और घाव से खून निकला। इसके बाद परंपरा के अनुसार उनके रक्त से मां भद्रकाली को तिलक लगाया गया। उन्होंने बताया कि महेश वर्मा को गंभीर चोट नहीं आई है। मौके पर मौजूद स्वयंसेवक उन्हें प्राथमिक उपचार के लिए ले गए। फर्स्ट एड देने के बाद वह अपने घर चले गए।
राजदरबार से शुरू हुई शोभायात्रा
मेले की धार्मिक और पारंपरिक रस्मों के बारे में मंदिर के मुख्य पुजारी भारद्वाज ने जानकारी दी। उन्होंने बताया कि मेले के दिन शोभायात्रा की शुरुआत राजदरबार से हुई। इसके बाद तय परंपराओं के अनुसार पत्थर का खेल आयोजित किया गया। पुजारी भारद्वाज ने बताया कि पत्थर का खेल संपन्न होने के बाद इससे जुड़ी अन्य धार्मिक और पारंपरिक प्रक्रियाएं पूरी की जा रही हैं। सभी रस्में निर्धारित रीति-रिवाजों के अनुसार निभाई गईं।
हजारों लोग पहुंचते हैं देखने
इस आयोजन में राजपरिवार से जुड़ी परंपराओं, स्थानीय आस्था और ग्रामीण संस्कृति की झलक देखने को मिलती है। पीढ़ियों से चली आ रही इस परंपरा को स्थानीय लोग आज भी पूरे उत्साह के साथ निभाते हैं। आधुनिक दौर में भी धामी का यह मेला अपनी अलग पहचान बनाए हुए है। हर साल बड़ी संख्या में लोग इस अनूठे आयोजन को देखने पहुंचते हैं।


