Kalka-Shimla Train : भारी बारिश के अलर्ट के चलते कालका-शिमला रेल मार्ग बंद, जानिए कौन-कौन सी ट्रेन हुई रद

0
99
हिमाचल में रेल का सफर करने वाले यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए भारतीय रेल प्रबंधन ने कल यानी 21 जुलाई को भारी बारिश के अलर्ट के मध्यनजर शिमला-कालका रूट पर चलने वाली चार ट्रेन रद करने की घोषणा की है।
Kalka-Shimla Train : भारी बारिश के अलर्ट के चलते कालका-शिमला रेल मार्ग बंद, जानिए कौन-कौन सी ट्रेन हुई रद
Kalka-Shimla Train : भारी बारिश के अलर्ट के चलते कालका-शिमला रेल मार्ग बंद, जानिए कौन-कौन सी ट्रेन हुई रद

यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए भारतीय रेलवे ने लिया फैसला

Kalka-Shimla Train (आज समाज), शिमला : भारतीय मौसम विभाग(आईएमडी) ने आने वाले तीन दिन के लिए हिमाचल में भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। इसके साथ ही प्रदेश में भूस्खलन और फ्लैश फ्लड की चेतावनी भी जारी की गई है।

इसी बीच रेलवे बोर्ड ने यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए कालका-शिमला रेल मार्ग पर चलने वाली महत्वपूर्ण ट्रेनों को रद्द करने का निर्णय लिया है। इस संबंध में रेलवे बोर्ड ने रविवार देर रात एक अधिसूचना जारी की है। जिन यात्रियों ने इन ट्रेनों में अग्रिम बुकिंग कराई है, उन्हें मैसेज और फोन के माध्यम से सूचित किया जा रहा है। 21 जुलाई को भारी बारिश के रेड अलर्ट को देखते हुए रेलवे बोर्ड ने इन ट्रेनों को न चलने का फैसला लिया है।

इसलिए जरूरी है रेल यात्रा रोकना

बरसात के मौसम में, विशेषकर पहाड़ी क्षेत्रों में, रेलवे ट्रैक पर भूस्खलन और मलबा गिरने का खतरा बढ़ जाता है। ऐसी स्थिति में ट्रेनें जंगल में फंस सकती हैं, जिससे यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। बीते दिनों हुई भारी बारिश के दौरान भी शिमला से कालका जा रही एक ट्रेन कैथलीघाट के जंगल में भूस्खलन के कारण फंस गई थी, जहां मलबा इंजन के आगे तक आ गिरा था। इस घटना के बाद ट्रेन को रद्द कर यात्रियों को बसों के माध्यम से कालका भेजा गया था।

ये बोले रेल मंडल वाणिज्य प्रबंधक

रेल मंडल वाणिज्य प्रबंधक, रेल मंडल अंबाला, यशनजीत सिंह ने बताया कि यात्रियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए यह निर्णय लिया गया है। उन्होंने कहा कि फिलहाल दो अप और दो डाउन की ट्रेनें रद्द की गई हैं और स्थिति पर नजर रखने के लिए टीम को अलर्ट पर रखा गया है।

ये ट्रेंने रद्द की गई

रेलवे बोर्ड की अधिसूचना के अनुसार इन ट्रेनों को रद किया गया है। कालका-शिमला हिमदर्शन (ट्रेन नंबर 52459) जोकि कालका से सुबह 7:00 बजे प्रस्थान करती थी। इसे रद कर दिया गया है। इसके साथ ही कालका-शिमला हिमालयन क्वीन (ट्रेन नंबर 52455) यह ट्रेन कालका से सुबह 11:55 बजे चलती थी। इसे भी रद कर दिया गया है। शिमला-कालका हिमदर्शन (ट्रेन नंबर 52460) यह ट्रेन शिमला से दोपहर 3:50 बजे प्रस्थान करती थी। इसके साथ ही शिमला-कालका हिमालयन क्वीन (ट्रेन नंबर 52456): यह ट्रेन शिमला से शाम 6:40 बजे चलती थी। इन सभी ट्रेनों को रद कर दिया गया है।

ये भी पढ़ें : Himachal Weather : हिमाचल में आक्रामक दौर में मानसून, इन जिलों के लिए अगले 48 घंटे भारी