Himachal Weather : हिमाचल में आज और कल बादल मचा सकते हैं तबाही

0
541
Himachal Weather : हिमाचल में आज और कल बादल मचा सकते हैं तबाही
Himachal Weather : हिमाचल में आज और कल बादल मचा सकते हैं तबाही

मौसम विभाग ने जारी की भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी, प्रदेश में मौजूदा मानसून सीजन में बादल फटने की कई घटनाएं हो चुकी

Himachal Weather (आज समाज), शिमला : पिछले कई दिन से प्रदेश में खराब चल रहे मौसम से अभी राहत मिलने की संभावना दिखाई नहीं दे रही। क्योंकि शिमला मौसम विभाग ने प्रदेश में कई जगहों पर आज और कल भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। विभाग ने 6 और 7 जुलाई के लिए विशेष रूप से आॅरेंज और येलो अलर्ट जारी किया है। इस दौरान लोगों को खराब मौसम के प्रति सतर्क रहने और अनावश्यक यात्राओं से बचने की सलाह दी गई है।

ज्ञात रहे कि पिछले कई दिन से प्रदेश में लगातार बादल फटने से नालों में बाढ़ आने और पहाड़ों से मलबा गिरने के मामले सामने आ चुके हैं। इन मौसमी घटनाओं के चलते कई लोगों को अपनी जान से हाथ भी धोना पड़ा है। मौसम विभाग के अनुसार, 6 जुलाई को ऊना, कांगड़ा और सिरमौर जिलों के लिए आॅरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इन जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना है। वहीं, चंबा, मंडी और शिमला जिलों में येलो अलर्ट रहेगा, जिसका अर्थ है कि इन क्षेत्रों में भी मध्यम से भारी बारिश हो सकती है।

कल इन जगहों पर हो सकती है भारी बारिश

7 जुलाई को भी बारिश का दौर जारी रहने की उम्मीद है। कांगड़ा, सोलन और सिरमौर जिलों के लिए आॅरेंज अलर्ट जारी किया गया है, जहां भारी से अत्यंत भारी बारिश की आशंका है। इसके अतिरिक्त, चंबा, कुल्लू, मंडी और शिमला जिलों में येलो अलर्ट जारी रहेगा। मौसम विभाग के पूवार्नुमान के अनुसार, 8 से 11 जुलाई तक भी प्रदेश के कई हिस्सों में भारी बारिश का दौर जारी रह सकता है। विशेष रूप से, किन्नौर और लाहौल-स्पीति जैसे ऊंचाई वाले क्षेत्रों में इस अवधि के दौरान बारिश के साथ-साथ बर्फबारी की संभावना भी जताई गई है।

40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकती हैं हवाएं

मौसम विभाग ने यह भी चेतावनी दी है कि कुछ क्षेत्रों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं भी चल सकती हैं। इन संभावित खतरों को देखते हुए, लोगों से आग्रह किया गया है कि वे नदी-नालों के किनारे जाने से बचें, भूस्खलन संभावित क्षेत्रों से दूर रहें और कमजोर ढलानों पर विशेष सावधानी बरतें।

बारिश से जनजीवन प्रभावित होने का अंदेशा

मानसून की सक्रियता से हिमाचल प्रदेश में जहां एक ओर लोगों को गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है, वहीं दूसरी ओर भारी बारिश और तेज हवाओं के कारण जनजीवन प्रभावित हो सकता है। मौसम विभाग द्वारा जारी की गई चेतावनियों का पालन करना और एहतियाती कदम उठाना सभी के लिए महत्वपूर्ण है।

ये भी पढ़ें : Mumbai Weather : मुंबई में जानलेवा हुई बारिश, आठ की मौत